
वीर बाला काली बाई गर्ल्स हॉस्टल में हंगामा। फोटो: पत्रिका
डूंगरपुर। डूंगरपुर के वीर बाला काली बाई गर्ल्स हॉस्टल में मंगलवार रात एक युवक के सोने की फोटो सामने आने से हड़कंप मच गया। सूचना पर एबीवीपी के छात्र और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक युवक मौके से जा चुका था। पुलिस को फोटो में दिख रही खाट और अन्य सामान हॉस्टल में ही मिला। इसके अलावा पुलिस को हॉस्टल के पास की झाड़ियों से बिना नंबर की बाइक भी मिली। वार्डन ने फोटो में दिख रहे युवक को अपना पति बताया है। हालांकि, हॉस्टल में युवक के सोने पर छात्राओं और एबीवीपी ने सवाल उठाए हैं।
दरअसल, डूंगरपुर शहर के एसबीपी कॉलेज के पीछे स्थित वीर बाला काली बाई गर्ल्स हॉस्टल में रात को एक युवक खाट पर सो रहा था। तभी किसी छात्रा ने फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। कुछ ही देर में हॉस्टल के अंदर खाट पर सो रहे युवक की फोटो वायरल हुई। फोटो देखते ही एबीवीपी के छात्र भड़क गए और देर रात हॉस्टल पहुंच गए। हालांकि, इससे पहले भी युवक मौके से भाग छूटा।लड़कियों के हॉस्टल के अंदर बाहरी युवक के आने पर एबीवीपी के छात्रों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत करवाया।
इसके बाद पुलिस और एबीवीपी के छात्रों ने हॉस्टल के अंदर जांच की। इस दौरान खाट, जाली व बोतल वैसी ही दिखाई दी, जैसी फोटो में दिख रही थी। लेकिन, खाट पर सो रहा युवक वहां पर नहीं मिला। पुलिस ने जब इस बारे में वार्डन से पूछताछ की। इस पर वार्डन ने कहा कि वह उसका पति था। हैरान कर देनी वाली बात ये रही कि हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले। इस पर पुलिस अधिकारियों ने वार्डन को हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरे चालू रखने की हिदायत दी।
पुलिस ने हॉस्टल परिसर और आसपास के इलाके में छानबीन की तो झाड़ियों के बीच एक बिना नंबर की बाइक खड़ी मिली। पुलिस ने हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं और स्टाफ से बाइक के बारे में पूछताछ की। लेकिन, किसी ने बाइक के बारे में कुछ भी नहीं बताया। इस पर पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। पुलिस अब बाइक के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक हॉस्टल के पास कैसे पहुंची?
Updated on:
19 Aug 2026 01:36 pm
Published on:
19 Aug 2026 01:36 pm
