www.patrika.com/rajasthan-news/
डूंगरपुर।
प्रदेश में चुनावी साल के चलते चुनावों की तैयरियां शुरू होने लग गई हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सोमवार से दो दिन डूंगरपुर के दौरे पर रहेगी। इस दौरान वह जनसंवाद कार्यक्रम सहित जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेगी।
ये रहेगा सीएम राजे का दो दिन का कार्यक्रम
जिला कलक्टर राजेन्द्रकुमार भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री सोमवार सुबह जयपुर से रवाना होकर पौने 11 बजे विशेष विमान से दोवड़ा हवाई पट्टी पहुंचेगी। यहां से वह हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन मैदान पहुंचेगी। यहां से सवा 11 बजे श्रीनाथजी मंदिर मेें दर्शन के लिए जाएगी। दोपहर 12 बजे महाराणा प्रताप सर्कल पहुंच प्रताप की प्रतिमा को नमन करेगी। दोपहर साढ़े 12 बजे विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम हॉल में जनसंवाद कार्यक्रम होगा।
मंगलवार को काली बाई पैनोरमा के उद्घाटन समारोह में भाग लेगी। यहां से हेलीकॉप्टर से साबला हरिमंदिर जाएगी। दोपहर 12 बजे संत मावजी महाराज हॉल मेें जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होगी। वहां से शाम साढ़े पांच बजे दोवड़ा हवाई पट्टी पहुंचेगी और यहां से विशेष विमान से जयपुर जाएगी। 85 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात मुख्यमंत्री के दो दिवसीय दौरे के दौरान 85 करोड़ के विकास कार्यो की सौगात डूंगरपुर की जनता को मिलेगी।
राजे ऑडिटोरियम में स्कूटी वितरण, लेपटोप, उज्ज्वला योजना के साथ ही विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभान्वितों को लाभान्वित करेंगी। आईसीडीएस की डीडी लक्ष्मी चरपोटा ने बताया कि मुख्यमंत्री आंगनवाड़ी केन्द्र के बच्चों के दुग्ध वितरण योजना का भी विधिवत शुभारम्भ करेगी।
इनका होगा लोकार्पण व शिलान्यास
मुख्यमंत्री राजे मंगलवार को कालीबाई पेनोरमा का लोकार्पण,
बांसवाडा-डूंगरपुर की सीमा पर बोरेश्वर मंदिर के पास माही नदी पर 5834.00 लाख की लागत से बनने वाले पुल व अप्रोच सड़क का शिलान्यास,
199.76 लाख की लागत से बने साबला उपखण्ड भवन का उद्घाटन,
267.00 लाख की लागत से बनने वाली साबला पंचायत समिति का शिलान्यास,
333.00 लाख की लागत से बने नालियादरा एनिकट का लोकार्पण,
954.08 सोनार माता एनिकट का शिलान्यास,
350.00 कन्या छात्रावास दोवडा क्षमता का शिलान्यास,
185.00 लाख की लागत से बने पीएचसी बड़ौदा का लोकार्पण,
153.00 लाख की लागत से बने म्याला टेकला गाँव के लिए पेयजल योजना का लोकार्पण करने के साथ साबला थाने का भी उद्घाटन करेगी।
प्रभारी मंत्री ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर आसपुर विधान सभा क्षेत्र का रविवार को प्रभारी मंत्री श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। रविवार को मंत्री कृपलानी के साथ पीएचडी राज्यमंत्री सुशील कटारा, मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी धीरेन्द्र कामठान, आसपुर विधायक गोपीचंद मीणा, पुलिस अधीक्षक शंकरदत्त शर्मा बेणेश्वर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने संत मावजी महाराज सभा भवन का अवलोकन किया। इससे पूर्व भगवान निष्कलंक के दर्शन कर महंत अच्युतानंद महाराज का आशीर्वाद लिया। इस दौरान महंत ने धाम विकास को लेकर चर्चा की।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को उदयपुर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आसपुर उपखण्ड अधिकारी विजयेशकुमार पण्ड्या, तहसीलदार शांतिलाल जैन, विकास अधिकारी कैलाशकुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने हरिमंदिर एवं हेलीपेड आदि जगह भी देखने गए।