
डूंगरपुर। सदर थाना क्षेत्र के पालवड़ा गांव के समीप शुक्रवार को रोडवेज की टक्कर से मोटर साइकिल पर सवार चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों शवों को जिला मुर्दाघर रखवाया है। एएसआई भंवर सिंह ने बताया कि रास्तापाल हडमतिया फला निवासी रणछोड़ पुत्र मोहनलाल डामोर ने रिपोर्ट में बताया कि उसका बेटा चंद्रकांत डामोर व उसकी भतीजी सरस्वती पुत्री कन्हैयालाल डामोर दोनों मोटर साइकिल से खेरवाड़ा जा रहे थे।
यह वीडियो भी देखें
रास्ते में पाल वड़ा बोड़ात फला के समीप मोड़ पर तेज गति से रोडवेज की बस आई और मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां पर चिकित्सक ने दोनों मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को जिला मुर्दाघर रखवाया।
गौरतलब है कि डूंगरपुर जिले में इससे पहले भी एक दर्दनाक हादसा हुआ था। इस हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई थी। हादसा आरटीओ कार्यालय के पास हुआ, जब तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में थावरचंद पुत्र देवजी कलासुआ की मौत हो गई थी। इस संबंध में धताना निवासी ललित कलासुआ ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि थावरचंद डूंगरपुर से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान यह भीषण हादसा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने उनका शव जिला अस्पताल डूंगरपुर की मोर्चरी में रखवाया दिया था।
वहीं दूसरी तरफ डूंगरपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में दो दिन पहले विषाक्त सेवन करने चिकित्सालय में उपचाररत किशोरी की गुरुवार को मौत हो गई। पुलिस ने मृतका की मां की रिपोर्ट पर शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया। पुलिस ने बताया कि मृतका की मां वीरपुर निवासी लक्ष्मी पत्नी गटूलाल बोड़ात ने बताया कि उनका जिला चिकित्सालय के समीप केबिन है। रोज की तरह दस जून की शाम को केबिन बंद कर अपने बेटे तरुण व जतीन के साथ घर गई तो, घर पर पलंग पर बेटी वर्षा पुत्री गटूलाल बेसुध पड़ी हुई थी। विषाक्त सेवन की जानकारी पर उसे जिला चिकित्सालय लेकर आए। यहां पर उपचार के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।