
दीवार तोड़ते हुए घर में घुसा बेकाबू डंपर। फोटो: पत्रिका
डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में देर रात बड़ा हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 927ए पर चल रहा डंपर बेकाबू होकर सड़क किनारे घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। हादसे में घर के अंदर सो रही मां-बेटी की मौत हो गई। वहीं, पिता और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को सागवाड़ा अस्पताल में उपचार जारी है। हादसा सागवाड़ा थाना क्षेत्र में गलियाकोट पुल के पास हुआ। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे बांसवाड़ा की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार डंपर अचानक बेकाबू हो गया और सागवाड़ा बाइपास पर सड़क किनारे बने मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। हादसे के वक्त घर में परिवार के लोग सो रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लेकिन, इससे पहले ही चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर भाग छूटा।
हादसे की सूचना पर सागवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से सागवाड़ा अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सुशीला और उसकी बेटी राधिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विनोद और उसके बेटे महेंद्र का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मां-बेटी के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत और पिता-बेटे के गंभीर घायल होने से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं, हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मौके से डंपर को जब्त कर लिया है। फिलहाल, पुलिस डंपर के नबंरों की मदद से वाहन मालिक और उसके ड्राइवर का पता लगाने में जुटी हुई है।
इधर, बांसवाड़ा-रतलाम मुख्य मार्ग पर कुंडला घाटी में खड़े ट्रक ट्रोले से बाइक टकराने पर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के नई आबादी नादिया सियापुर निवासी नाथूलाल पुत्र मावजी बामणिया उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं, घायल अनिल पुत्र रामलाल कुंडला खुर्द का निवासी है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से एमजी अस्पताल पहुंचाया नाथूलाल को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
31 Oct 2026, 1:46 PM IST
Published on:
31 Oct 2026, 1:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.