
Dungarpur : डूंगरपुर के सागवाड़ा नगरपालिका भवन को पुरानी जगह पर बनवाए जाने को लेकर भाजपा में पार्टी की सदस्यता से त्याग पत्र देने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को बूथ अध्यक्ष एवं मोर्चा पदाधिकारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली को त्यागपत्र भेज दिया है। वार्ड 118 के बूथ अध्यक्ष जितेन्द्र सोमपुरा, नरेश सोमपुरा, शैलेष सोमपुरा, पूर्व नगर मंत्री विष्णुकुमार, ओबीसी मोर्चा के जयेश कुमार पंचाल, मंडल मंत्री जयेश पंचाल, संजय भावसार एवं अली असगर जमाली ने भाजपा की सदस्यता से त्याग पत्र दिया है।
त्यागपत्र में बताया कि आशीष गांधी को मनोनीत किए जाने के बाद डूंगरपुर के सागवाड़ा नगरपालिका अध्यक्ष कांग्रेस नीतियों को लागू कर रहे हैं जिससे भाजपा को क्षति हो रही है। भविष्य में भाजपा को आने वाले चुनाव में जनता के विरोध का सामना करना पड़ सकता है।
विगत तीन वर्ष से नगरपालिका भवन को पुराने स्थान पर ही बनवाने की मांग को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं। भाजपा के नगरपालिका अध्यक्ष अन्य स्थान पर बनवाने पर अड़े हुए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल ने बताया कि पार्षद हरीशचन्द्र सोमपुरा एवं मंगलेश वाड़ेल ने भी भाजपा की सदस्यता से त्याग पत्र दिया है। पर दोनों का त्यागपत्र स्वीकार नहीं किया गया है। वहीं अभी तक जिन भाजपा पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता से त्यागपत्र दिया है, वे त्यागपत्र अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं। त्यागपत्र प्राप्त होने के बाद कोर कमेटी में रखा जाएगा। फिर उसके बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।