डूंगरपुर

डूंगरपुर: पैर फिसलने से बहन कुंड में गिरी, बचाने गया भाई भी डूबा, एमपी में हुआ हादसा

Lodhiya Kund Accident: डूंगरपुर के कतिसौर निवासी चचेरे भाई-बहन की महू के लोधिया कुंड में डूबने से मौत हो गई। बहन को डूबता देख उसे बचाने गया भाई भी गहरे पानी में समा गया। दोनों के शव मंगलवार को पैतृक गांव लाकर अंतिम संस्कार किया गया।
2 min read
Brother Sister Drown
पैर फिसलने से बहन कुंड में गिरी, बचाने गया भाई भी डूबा (Photo-पत्रिका नेटवर्क)

Lodhiya Kund Accident: डूंगरपुर। आसपुर थाना क्षेत्र के कतिसौर निवासी दो चचेरे भाई बहन की एमपी के महू के सिमरोल थाना क्षेत्र के लोधिया कुंड में डूबने से मौत हो गई। मृतक अपने परिवार के साथ घूमने पहुंचे थे और बहन के पैर फिसलने से डूबने लगी तो उसे बचाने गया भाई भी डूब गया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

हाथ पकड़कर चल रहे थे तीनों

प्राप्त जानकारी के अनुसार कतिसौर निवासी अजीत सिंह (26) पुत्र भूपेंद्र सिंह चौहान एवं अंजली पुत्री देवीसिंह चौहान दोनों चचेरे भाई बहन है। वे इंदौर में परिवार के साथ रहते है। सोमवार को महेंद्र सिंह अपने भाई रोहित सिंह राठौड, अभिराज सिंह चौहान, अजीतसिंह , अंजली और अश्विनी चौहान सभी मिल कर महू के लोधिया कुंड घूमने गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे सभी कुंड के आसपास घूम रहे थे।

इसी दौरान अंजली, अश्विनी और अजीत एक साथ हाथ पकड़कर आगे चल रहे थे। तभी अंजली का पैर फिसल गया और तीनों कुंड में गिरने लगे। पीछे चल रहे महेंद्र और अभिराज ने दौड़कर अश्विनी को तो बाहर निकाल लिया। लेकिन अंजली और अजीत सिंह गहरे पानी में डूब गए।

ग्रामीणों की मदद से निकाला बाहर

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों को बुलाया गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को पानी से बाहर निकाल 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया था। जहां पर चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित किया।

मंगलवार को पैतृक गांव लाए शव

इधर, दोनों बच्चों के डूबने की खबर मिलते ही इंदौर, रतलाम और कतिसौर से परिजन मौके पर पहुंचे और पीएम करवाने के बाद दोनों शवों को मंगलवार को पैतृक गांव लाया गया। जहां दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अंजली इकलौती बेटी, कॉल सेंटर में करती थी काम

अंजली अपने पिता की इकलौती बेटी थी और कॉल सेंटर में जॉब कर रही थी और अजीत इंदौर में मेडिकल स्टोर पर कार्यरत था।

Updated on:
08 Sept 2026 05:19 pm
Published on:
08 Sept 2026 05:19 pm