
Rajasthan : डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र में इन दिनों बदमाश बेखौफ हैं। यहां के बांसिया गांव स्थित गोविंद गुरु राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बदमाशों ने धमाल मचाया। जाते वक्त सीसीटीवी के सामने भी नाचे। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस इसी के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं। स्कूल के कार्यवाहक संस्थाप्रधान जितेंद्र खटाना ने बताया कि स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कार्मिक दिनेश बंजारा रोज की तरह सोमवार सुबह स्कूल पहुंचे तो दरवाजों के ताले टूटे थे।
स्कूल पहुंच कर देखा तो यहां प्रधानाचार्य कक्ष सहित कई कक्षों के ताले टूटे हुए थे और कमरों में सामना बिखरा हुआ था। हालांकि किसी भी कमरे से किसी प्रकार की कोई सामग्री चोरी नहीं हुई है, लेकिन चेहरे पर कपड़ा बांधकर सीसीटीवी के सामने बदमाशों के नाचने की हरकत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्कूल में लगे दो सीसीटीवी कैमरों को बदमाशों ने कट्टे से ढक दिया और प्रधानाचार्य कक्ष में लगे इंटरनेट संबंधी उपकरण को क्षतिग्रस्त कर दिया। टेबल पर रखी स्टेशनरी सहित अन्य सामान को भी इधर-उधर बिखेर दिया, लेकिन स्कूल में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की हरकत कैद हो गई।
स्कूल प्रबंधन व पुलिस ने फुटेज खंगाले गए तो, तो स्कूल परिसर में दो संदिग्ध बदमाश नजर आए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से बांध रखे थे। इसमें एक युवक ने शर्ट भी नहीं पहना था। दोनों युवक परिसर में नाचते नजर आए। कुछ नहीं मिलने पर बदमाश वहां से चले गए।
गांव में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही है। बदमाश 2 दिन में चार जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके है। इसमें दो जगहों से उनको खाली हाथ से लौटना पड़ा है। बदमाशों ने शनिवार रात को कल्लाजी मंदिर के पास एक चाय की लारी व बस स्टैण्ड के समीप एक पॉल्टी फार्म से गैस सिलेंडर चुराया था। इसके अलावा कोदरिया मोड़ के समीप एक ढाबे का ताला तोड़ दिया।
चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं से स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी चिंता का माहौल है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और इन बेखौफ बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।