डूंगरपुर

Dungarpur : डूंगरपुर-सागवाड़ा से भाजपा विजयी, सुशीला गुप्ता और आशा पाटीदार को मिली निकायों की कमान

Dungarpur : डूंगरपुर जिले के डूंगरपुर नगरपरिषद में भाजपा की सभापति सुशीला गुप्ता एवं सागवाड़ा नगरपालिका अध्यक्ष आशा पाटीदार चुनी गईं हैं। दोनों ही निकायों की कमान महिलाओं के हाथ में हैं।
2 min read
dungarpur sagwarabjp wins sushila gupta asha patidar got nikay command
Dungarpur : सागवाड़ा से आशा पाटीदार और डूंगरपुर से सुशीला गुप्ता विजयी। फोटो पत्रिका

Dungarpur : डूंगरपुर जिले के डूंगरपुर व सागवाड़ा निकाय में बहुमत के साथ आखिरकार सोमवार को सभापति व अध्यक्ष का ताज भाजपा प्रत्याशियों के सिर सज गया। डूंगरपुर नगरपरिषद में सभापति सुशीला गुप्ता एवं सागवाड़ा नगरपालिका अध्यक्ष आशा पाटीदार चुनी गई है। दोनों ही निकायों की कमान महिलाओं के हाथ में हैं। दोपहर में निकायों में परिणाम की घोषणा के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सभापति व अध्यक्ष का नारेबाजी के साथ स्वागत किया।

भाजपा की सुशीला गुप्ता को मिले 25 वोट

इससे पूर्व डूंगरपुर नगरपरिषद में सुबह करीब साढ़े 10 बजे एक साथ पहुंचे भाजपा के 24 एवं एक निर्दलीय पार्षद ने मतदान किया। इसके बाद साढ़े ग्यारह बजे कांग्रेस के 12 पार्षदों ने मतदान किया। बीएपी के तीन पार्षदों का तय समय 2 बजे तक इंतजार किया, लेकिन वे नहीं पहुंचे। जिसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ने परिणाम की घोषणा की। जिसमें भाजपा की सुशीला गुप्ता को 25 एवं कांग्रेस के भरत नागदा को 12 मत प्राप्त हुए। सुशीला गुप्ताको विजयी घोषित किया।

सागवाड़ा में भाजपा की आशा पाटीदार को मिले 23 वोट

इसी प्रकार से सागवाड़ा में 35 वार्डों में से भाजपा की आशा पाटीदार को 23 एवं कांग्रेस की भूमिका पंचाल को आठ मत प्राप्त हुए। बीएपी के चार पार्षद मतदान के लिए नहीं पहुंचे। यहां भाजपा की आशा पाटीदार को विजयी घोषित किया गया। अब मंगलवार को नगरपरिषद के उपसभापति एवं नगरपालिका के उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे।

Dungarpur : डूंगरपुर नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता व अन्य। फोटो पत्रिका

लगातार 8वीं बार भाजपा का बोर्ड, तीसरी बार महिला को कमान

नगरपरिषद डूंगरपुर में भाजपा ने लगातार आठवीं बार बोर्ड बनाने में कामयाबी हासिल की है। साथ ही यह तीसरा मौका है जबकि निकाय की कमान महिला को मिली है। इस बार सुशीला गुप्ता सभापति चुनी गई है। उल्लेखनीय है कि इस बार सभापति का पद अनारक्षित ओपन के लिए रिजर्व था।

पहले पति व अब पत्नी सभापति

डूंगरपुर नगरपरिषद सभापति के पद को लेकर एक नया इतिहास भी इस बार बना है। सभापति की कुर्सी पर 2015 से 2020 तक केके गुप्ता बैठे, अब यहां सभापति उनकी पत्नी सुशीला गुप्ता है। गुप्ता ने अपने कार्यकाल में स्वच्छता सहित अन्य मामलों में कई विकास कार्य किए, जो जनता के बीच चर्चित रहे। यहीं कारण रहा कि इस बार उनकी पत्नी को भाजपा से टिकट मिलने के बाद जनता का भी समर्थन मिला। उल्लेखनीय है कि केके गुप्ता पूर्व में शंकरसिंह सौलंकी जब चैयरमेन थे, तब उपाध्यक्ष भी रह चुके थे। गुप्ता वर्तमान में स्वच्छता के प्रदेश ब्रांड एंबेसेडर है।

वर्ष-चेयरमेन

1990-95 शंकर सिंह सौलंकी
1995-2000 गुरुप्रसाद पटेल
2000-2005 सुशीला भील
2005-2010 शंकर सिंह सौलंकी
2010-2015 सुशीला भील
2015-2020 केके गुप्ता
2021-2026 अमृत कलासुआ
2026 से सुशीला गुप्ता।