डूंगरपुर

PM Shri Schools : राजस्थान में पीएमश्री स्कूलों में 4,332 पदों पर होगी प्रतिनियुक्ति, आवेदन आमंत्रित, निदेशालय ने रखी ये शर्त

PM Shri Schools : राजस्थान में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने पीएम श्री स्कूलों में पोस्टिंग की प्रक्रिया शुरू करते हुए राज्यभर में 14 संवर्गों के 4,332 संभावित रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों के लिए अनिवार्य शर्त रखी गई है। जानें।

2 min read
Rajasthan PM Shri schools 4,332 posts deputation Applications invited Directorate kept this condition
बनकोड़ा. पीएमश्री स्कूल। फोटो पत्रिका

PM Shri Schools : राजस्थान के सरकारी शिक्षा तंत्र में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निदेशालय ने पीएम श्री स्कूलों में पदस्थापन की प्रक्रिया शुरू करते हुए राज्यभर में 14 संवर्गों के 4 हजार 332 संभावित रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पदस्थापन तीन वर्ष की अवधि के लिए होगा, जिसे प्रदर्शन के आधार पर 2 वर्ष तक बढ़ाया जा सकेगा। इन पदों के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों के लिए एक अनिवार्य शर्त रखी गई है, उनके द्वारा पढ़ाए गए विषयों का बोर्ड परीक्षा परिणाम पिछले पांच वर्षों में शत-प्रतिशत रहा हो।

इसलिए अहम है प्रतिनियुक्ति

पीएमश्री स्कूलों को केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजना के तहत आधुनिक संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। ऐसे में योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों की तैनाती से इन स्कूलों की गुणवत्ता और परिणामों में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।

डूंगरपुर जिले में प्रथम चरण में 10 तथा द्वितीय चरण में चार पीएमश्री विद्यालयों का चयन किया गया था जिसमें 12 विद्यालय उच्च माध्यमिक स्तर के संचालित हैं। विभाग ने इस बार पात्रता के लिए सख्त मानदंड तय किए हैं। अभ्यर्थियों को अपने स्वयं के शिक्षा में 10वीं से लेकर स्नातकोत्तर व व्यावसायिक योग्यता (बीएड/बीएसटीसी) तक हर स्तर पर न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य किए गए हैं।

प्राचार्य व विषयाध्यापक पद के लिए शर्त

प्राचार्य पद के लिए 5 वर्ष का अनुभव और पिछले 5 वर्षों में 100 प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम की शर्त रखी गई है। इसके अलावा अन्य पदों के विषयाध्यापकों के भी संबंधित विषय में लगातार विगत 5 वर्षो का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत की शर्त शामिल है। अध्यापक लेवल-2 के लिए संबंधित विषय का विगत 5 वर्षो का कक्षा 8 का बोर्ड परीक्षा परिणाम ग्रेड ए तथा बी तथा अध्यापक लेवल-1 के लिए संबंधित विषय का विगत 5 वर्षो का कक्षा 5 का बोर्ड परीक्षा परिणाम ग्रेड ए तथा बी जरूरी हैं।

इनको नहीं मिलेगा मौका

विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में अंग्रेजी माध्यम, महात्मा गांधी, कस्तूरबा गांधी या बालिका सैनिक स्कूलों में कार्यरत शिक्षक इस प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा जिन कार्मिकों के खिलाफ विभागीय जांच लंबित है या जो दंडित हो चुके हैं, उनके आवेदन भी निरस्त कर दिए जाएंगे।

यह रहेगा विकल्प

  • प्राचार्य, उपप्राचार्य व प्राध्यापक (विभिन्न विषय): अधिकतम 2 जिलों का विकल्प।
  • वरिष्ठ अध्यापक (विभिन्न विषय, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापक, पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड 2, वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक, वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक : अपने मंडल के 2 जिलों का चयन।
  • अध्यापक लेवल-2 (विभिन्न विषय), अध्यापक लेवल-1, शारीरिक शिक्षा अध्यापक, बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक, पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-तृतीय, प्रयोगशाला सहायक : केवल वर्तमान जिले में विकल्प।
  • सभी श्रेणियों के पदस्थापन के लिए विद्यालयों के अधिकतम विकल्पों की संख्या 5 है।

प्रमुख पदों का ब्योरा

प्राचार्य - 99
उप प्राचार्य - 267
व्याख्याता - 1,788
वरिष्ठ अध्यापक - 1,053
वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापक - 67
शारीरिक शिक्षा अध्यापक - 23
अध्यापक लेवल - 2 (विभिन्न विषय) - 255
अध्यापक लेवल - 1 के 243
पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड द्वितीय - 75
पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड तृतीय - 72
वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक - 139
बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक - 155
वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक - 48
प्रयोगशाला सहायक - 48
कुल पद : 4,332।

Published on:
03 May 2026 02:03 pm