डूंगरपुर

Ratri Chaupal : ग्रामीणों की समस्याएं सुन चौंके डूंगरपुर जिला कलक्टर, अफसरों को तुरंत दिया आदेश

Ratri Chaupal : डूंगरपुर के करावाडा करावाडा ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर देशल दान ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। साथ ही अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।

2 min read
रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर व ग्रामीण। फोटो पत्रिका

Ratri Chaupal : डूंगरपुर के करावाडा में जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण के लिए रात्रि चौपाल करावाडा ग्राम पंचायत में गुरुवार को हुईं। जिसमें जिला कलक्टर देशल दान ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी व अधिकारियों से निस्तारण के निर्देश दिए। किसानों ने बिलपन नाका तालाब के गेट मरम्मत सहित नहरों के लीकेज होने से व्यर्थ में पानी बहने से खेतों के खराब होने व गेट व नहरों के मरम्मत की मांग की। किसानों ने बताया कि करावाडा तालाब के गेट के लीकेज से पानी का रिसाव होने से व्यर्थ में पानी बह रहा है। कचरे को करावाडा तालाब पर ही डालते है, जबकि पास में ही ग्राम पंचायत स्थित है व महादेव मंदिर है। जिससे तालाब का पानी खराब हो रहा है।

ग्रामीणों ने बस स्टैंड के समीप पुलिस चौकी के पास सुलभ सुविधा के रखरखाव व साफ-सफाई नहीं होने से आमजन को हो रही असुविधा की जानकारी दी। ग्राम पंचायत में कही भी कचरा पात्र नहीं होने से कचरा इधर-उधर फेंका जा रहा है, जिससे गंदगी हो रही है।

ये समस्याएं भी रखी

ग्रामीणों ने पुराने पंचायत भवन के पीछे व तालाब के पास में कचरे के ढेर लगे रहने से गांव के सौन्दर्यता को खतरा है व बीमारी की आशंका है। गांव से रोजाना कचरा उठवाने के लिए वाहन लगाने व नियमित साफ सफाई की मांग की गई। करावाडा सीनियर स्कूल में पुराने कक्षा कक्ष गिराने के बाद नए कक्षा कक्ष नहीं बनने, रिक्त पदों को भरने, पेयजल सुविधा के सुधार, नए हैंडपंप खुदवाने, फसल खरीद व बिक्री के लिए केंद्र खुलवाने, फसल खराबा का उचित मुआवजा दिलाने, डीएपी व यूरिया खाद भी उचित मूल्य की दुकानों से किसानों को सही समय पर उपलब्ध कराने, पुलिस चौकी भवन बनाने, जमीन उपलब्ध कराने, पीएचसी भवन निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा करने, लाइब्रेरी में सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगें रखी गई।

रात्रि चौपाल में ये थे मौजूद

इस दौरान सीमलवाड़ा प्रधान कारीलाल, करावाडा सरपंच बदी देवी खराड़ी, चौरासी थानाधिकारी भंवरसिंह राठौड़, तहसीलदार, विकास अधिकारी, सूरजमल खराड़ी सहित जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन युवा मण्डल अध्यक्ष मनोज पाटीदार ने किया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिला कलक्टर देशल दान इन समस्याओं का निदान शीघ्र अति शीघ्र कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें

Deemed Forest Land : डीम्ड फॉरेस्ट पर एनजीटी सख्त, राजस्थान सरकार से मांगा जवाब, सख्त आदेश से पर्यावरण प्रेमी खुश
Published on:
02 May 2026 02:22 pm
Also Read
View All