डूंगरपुर

Dungarpur Accident: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 19 वर्षीय युवक की मौके पर मौत

डूंगरपुर के सागवाड़ा में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 19 वर्षीय अभिनव रावल की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों क्षतिग्रस्त बाइक जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Aug 02, 2026
Dungarpur Accident
Dungarpur Accident: मृतक युवक अभिनव (फोटो-पत्रिका)

डूंगरपुर। जिले के सागवाड़ा क्षेत्र में गलियाकोट मार्ग पर शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। रिसोर्ट के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ओबरी थाना क्षेत्र के डेचा निवासी प्रकाशचंद्र पुत्र खेमनाथ रावल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका 19 वर्षीय पुत्र अभिनव रावल रोज की तरह कपिल सेवक के गैराज पर काम करने जाता था। शनिवार दोपहर वह निजी कार्य से ओबरी से सागवाड़ा आया था। शाम करीब 6 बजे वह मोटरसाइकिल से वापस डेचा लौट रहा था।

अस्पताल में कानूनी कार्रवाई करती पुलिस (फोटो-पत्रिका)

गलत साइड से आई तेज रफ्तार बाइक

रिपोर्ट के मुताबिक, गलियाकोट मार्ग पर एक रिसोर्ट के सामने अभिनव अपनी लेन में सावधानीपूर्वक बाइक चला रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल का चालक लापरवाही से गलत दिशा में आ गया और उसकी बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और अभिनव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांस

हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल अभिनव को तत्काल सागवाड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी उसकी बुआ ने परिजनों को दी।

यह वीडियो भी देखें:

पुलिस ने शुरू की जांच

रविवार को मृतक के पिता प्रकाशचंद्र रावल ने सागवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही दूसरे बाइक चालक की भूमिका और लापरवाही की भी जांच की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Updated on:
02 Aug 2026 04:09 pm
Published on:
02 Aug 2026 04:09 pm
Also Read
View All