2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bharatpur: नहर में कूदी महिला की पुलिस ने बचाई जान, रेस्क्यू के बाद बोली- पति शराब पीकर रोज करता था परेशान

Bharatpur Police Rescue: भरतपुर में चौबुर्जा चौकी पुलिस ने सुजान गंगा नहर से 24 वर्षीय महिला को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने फुर्ती और सूझबूझ से रेस्क्यू कर महिला को आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई।
2 min read
Google source verification
Bharatpur Police Rescue

नहर में कूदी महिला को बचाते हुए पुलिस (Photo-Patrika)

Bharatpur News: भरतपुर में चौबुर्जा चौकी के पुलिसकर्मियों ने समय रहते एक 24 साल की महिला की जान बचाकर इंसानियत और फर्ज की मिसाल पेश की। पुलिस को सूचना मिली कि सुजान गंगा नहर में एक महिला कूद गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फुर्ती दिखाते हुए मौके पर पहुंची। सूझबूझ का इस्तेमाल करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके तुरंत बाद महिला को आरबीएम अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई।

बिजली विभाग की सीढ़ी बनी सहारा

एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही चौबुर्जा चौकी का पूरा स्टाफ रस्सा लेकर सुजान गंगा नहर पहुंचा। उस समय महिला पानी में डूब रही थी और हर सेकंड कीमती थी, लेकिन उस समय सिर्फ रस्सी काफी नहीं थी। तभी वहां से बिजली विभाग की एक गाड़ी गुजर रही थी। पुलिस ने बिना देर किए गाड़ी से सीढ़ी ली, उसे नहर में उतारा और रस्से की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की तेजी की वजह से बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान बच गई।

अस्पताल में महिला ने बताई वजह

महिला की पहचान गुलाल कुंड निवासी 24 वर्षीय महिला के रूप में हुई। महिला का मायका झांसी (मध्य प्रदेश) में है और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीकर आए दिन उससे झगड़ा करता था और उसे परेशान करता था। घरेलू तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था, जिससे वह काफी परेशान थी। इसी वजह से वह घर से निकलकर नहर तक पहुंच गई थी।

1090 और SDRF की टीम भी पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही 1090 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और एसडीआरएफ की टीम भी मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही चौबुर्जा चौकी के पुलिसकर्मी महिला को सुरक्षित बाहर निकाल चुके थे। पुलिस ने महिला के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत अब सामान्य है। वहीं पुलिस का कहना है कि महिला और उसके परिवार से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि आगे जरूरत पड़ने पर उसे हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।