
पुलिस गिरफ्त में मनचले (Photo-Patrika)
डूंगरपुर. स्कूल जाने वाली छात्राओं के लिए सड़क पर चलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। चौरासी क्षेत्र में बाइक सवार युवकों ने छात्राओं का पीछा कर फब्तियां कसीं और दुपट्टा खींच दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो नाबालिग बालकों को डिटेन किया है। दो बाइक जब्त कर एक अन्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार जिले के एक गांव में स्कूली ड्रेस में छात्राएं सड़क किनारे खड़ी थीं। तभी बाइक सवार युवकों ने उनके पास जाकर फब्तियां कसी और दुपट्टा खींच लिया। अचानक हुए घटनाक्रम से छात्राएं सहम गईं। इस दौरान अन्य बाइक सवार युवकों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि दो बाइक पर सवार छह युवकों ने घटना की। पहचान होने पर संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दी गई। इस दौरान सूचना के आधार पर वाणिया तालाब और रास्तापाल के जंगलों से आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उन्होंने छेड़छाड़ करना स्वीकार किया। पुलिस ने वाणिया तालाब निवासी रमेश पुत्र रूपा सरपोटा तथा रास्तापाल निवासी विपिन पुत्र गोपाल आमलिया और शैलेश पुत्र लालशंकर आमलिया को गिरफ्तार किया और दो बालकों को डिटेन किया गया। फरार तुफान पुत्र जीवराम आमलिया निवासी रास्तापाल की तलाश जारी है।
ऑपरेशन संस्कार के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार, दो विधि से संघर्षरत बालकों को डिटेन और दो बाइक जब्त की गई हैं। एक अन्य आरोपी की तलाश है।
- मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक, डूंगरपुर
डूंगरपुर शहर में शिक्षण संस्थानों के आसपास छात्राओं से छेड़छाड़ करने और शराब के नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने कार्रवाई की। पुलिस ने छह युवकों को डिटेन कर उनकी छह बाइक जब्त कीं। हेड कांस्टेबल स्नेहलता के अनुसार, छात्राओं से अभद्रता करने वालों को बीच सड़क पर कान पकड़वाकर उठक-बैठक कराई गई। साथ ही, भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की हिदायत देते हुए उनसे माफी भी मंगवाई गई।
Updated on:
11 Sept 2026 09:40 am
Published on:
11 Sept 2026 09:40 am
बड़ी खबरें
View Allडूंगरपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
