डूंगरपुर

गुजरात बस हादसा : बस चालक और कंडक्टर के शव पहुंचे डूंगरपुर, फफक पड़ा पूरा गांव, नहीं जले घरों में चूल्हे

Road Accident: गुजरात के वडोदरा के पास हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव गुरुवार को उनके गांव पहुंचे, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

2 min read
Vadodara bus accident
अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद ग्रामीण और परिजन। फोटो- पत्रिका

डूंगरपुर। गुजरात के वडोदरा के समीप सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत के बाद गुरुवार को शव गांव पहुंचे। यहां गमगीन माहौल में मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में घायल 26 लोगों में से कुछ को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई हैं। वहीं अन्य का इलाज अब भी जारी है। गौरतलब है कि बुधवार तड़के सूरत जा रही स्लीपर बस वडोदरा हाइवे पर खड़े ट्रक में जा घुसी थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 26 घायल हो गए थे।

यह वीडियो भी देखें

हादसे में मृतक राजवेडा घाटी निवासी बस चालक मुकेश पुत्र जीवाजी डेन्डोर और परिचालक कांकरा डोंगरा निवासी सूरज पुत्र सुखलाल डेन्डोर के शव गांव पहुंचे तो परिजनों के क्रंदन और चीख-पुकार ने सभी को भावुक कर दिया। शव पहुंचते ही दोनों गांवों में सन्नाटा पसर गया और हर आंख नम हो गई। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। स्थानीय रीति-रिवाजों और धार्मिक परंपराओं के अनुसार, भारी भीड़ और शोक संतप्त परिजनों की मौजूदगी में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इस दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि पीड़ित परिवारों की स्थिति को देखते हुए उन्हें उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

अक्षित के हाथ और पैर में फ्रैक्चर

वहीं दूसरी तरफ घायल खड़गदा निवासी अक्षित पुत्र संतोष यादव, सीमा (35) पत्नी संतोष यादव और संतोष (40) पुत्र धूलजी यादव को सागवाड़ा में प्राथमिक उपचार के बाद साई हॉस्पिटल रेफर किया गया। अक्षित के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सीमा और संतोष के रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई है। संतोष ने बताया कि बांसवाड़ा से सूरत वाया परतापुर, सागवाड़ा जाने वाली बस में मंगलवार रात करीब 10 बजे खड़गदा से सवार हुए थे। संतोष ने बताया कि हादसे के समय अधिकतर यात्री सोए हुए थे। गुजरात प्रशासन को हादसे की जानकारी होने पर सहायता पहुंची।

पिता के आने पर होगा अंतिम संस्कार

बस हादसे में टामटिया निवासी पायल पत्नी हितेश भाटिया ने अपने इकलौते बेटे प्रीत को खो दिया। प्रीत सूरत में पढ़ाई कर रहा था और स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी थी। हादसे में पायल के पांव में तीन स्थानों पर फ्रैक्चर हुआ, जिसका गुरुवार सुबह ऑपरेशन किया गया। उन्हें वडोदरा से लाकर साई हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। प्रीत का शव जील हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखा गया है। मृतक के पिता हितेश शुक्रवार सुबह कुवैत से अहमदाबाद पहुंचेंगे। पायल ने कहा कि यह हादसा जीवन भर का दंश दे गया।

Published on:
18 Jun 2026 07:59 pm