दुर्ग

मासूम बच्चे मां के साथ नींद में थे तभी दरिंदे ने दिया वारदात को अंजाम

सिद्धार्थनगर गंजपारा में रहने वाला उत्तम मनहरे (45 वर्ष) अपनी बीवी सरिता पर शक करता था, इसलिए उसे मारने की साजिश रची।
2 min read
Jul 21, 2018
Durg crime
मासूम बच्चे मां के साथ नींद में थे तभी दरिंदे ने दिया वारदात को अंजाम

दुर्ग. सिद्धार्थनगर गंजपारा में रहने वाला उत्तम मनहरे (45 वर्ष) अपनी बीवी सरिता पर शक करता था, इसलिए उसे मारने की साजिश रची। आधी रात को उठकर सोती हुई पत्नी के सिर पर 20 किलो वजनी हैमर (घन) मार दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे मरा हुआ समझकर पति थाने पहुंचा और सारी बात बताई। पुलिस तत्काल उसके घर पहुंची। घायल महिला को रायपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गहरी नींद में थी तब उसने हैमर उठाया और सिर पर मार दिया

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार की रात करीब ३ बजे की है। सरिता निजी स्कूल में पढ़ाती है। शुक्रवार की रात को वह दोनों बच्चों और पति को खाना खिलाने के बाद सोने चली गई। उत्तम भी बिस्तर पर लेट गया, लेकिन वह सोया नहीं। जब सरिता गहरी नींद में थी, तब उसने उठकर घर में रखा ब्रिटिशकालीन हैमर उठाया और सरिता के सिर पर मार दिया। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास की धारा के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

दिन में हुआ झगड़ा, तभी हत्या का कर लिया इरादा
उत्तम अपने रिश्तेदारों के साथ २०१३ में धार्मिक यात्रा में गया था। यात्रा के लिए सरिता मनहरे ने बैंक से पर्सनल लोन लिया था। सरिता पति के साथ शुक्रवार को लोन की किस्त भरने बैंक गई थी। बैंक में दोनों ने फैसला किया कि अगस्त में बच्चे का जन्मदिन है इसलिए इस बार २ हजार की जगह सिर्फ एक हजार रुपए जमा करेंगे, लेकिन वहां से लौटते समय उनके बीच विवाद हो गया। सरिता ने पति से कहा कि वह उससे बात न करे।

पांच साल पहले पनपा शक, इस हद तक पहुंचा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सरिता पर शंका करता था। सरिता को लेकर २०१३ से उसके मन में शक पैदा हो गया था। इस बात को लेकर अक्सर दोनों में विवाद होता था। पिछले कुछ दिनों से यही बात फिर उनके बीच विवाद की वजह बनी हुई थी।

Published on:
21 Jul 2018 08:07 pm