
Durg Suspicious Death: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शराब पार्टी के बाद 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपनी गर्लफ्रेंड के घर गया था, जहां दोस्तों के साथ शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। कुछ देर बाद युवक घर की छत पर बेसुध मिला। गर्लफ्रेंड ने उसे होश में लाने के लिए सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। बाद में जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, अंजोरा चौकी क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय सिद्धांत दान सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर में अंजलीना के अलावा उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और ग्रेसी भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर सिद्धांत और अंजलीना के बीच विवाद हो गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद के बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद जब अंजलीना उसे देखने पहुंची तो वह छत पर बेसुध अवस्था में पड़ा मिला।
अंजलीना ने सिद्धांत को होश में लाने का प्रयास किया और उसे सीपीआर दिया, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद घर में मौजूद अन्य लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटना के समय घर में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में युवक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच विवाद की जानकारी सामने आई है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। यह भी जांच की जा रही है कि युवक किस परिस्थिति में छत पर बेसुध हुआ। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।