
दुर्ग. जनता कांग्रेस के सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने जिले में चुनावी अभियान का आगाज करते हुए मंगलवार को भाजपा-कांग्रेस दोनों पर जमकर निशाना साधा। जोगी ने दुर्ग शहर में कांग्रेस भाजपा के टिकट वितरण पर भी सवाल उठाया। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि दुर्ग शहर में कांग्रेस 25 साल से एक ही प्रत्याशी को उतार रही हैं।
चुनावी सभा को किया संबोधित
भाजपा ने भाई-बहन की सेटिंग के तहत अपेक्षाकृत कमजोर प्रत्याशी को उतार दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार यह सेटिंग काम नहीं आएगी। जोगी ने पुराना बस स्टैंड में दुर्ग शहर विधानसभा प्रत्याशी प्रताप मध्यानी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया।
चुनाव में परिवार के सभी सदस्यों को उतारकर परिवारवाद चलाए जाने संबंधी विपक्षी दलों के आरोपों पर जोगी ने कहा कि पिछले दरवाजे से बिना चुनाव लड़े लोगों को स्थापित करने की परंपरा परिवारवाद की श्रेणी में आता है। उनके परिवार में बिना चुनाव लड़े कोई स्थापित नहीं है।
भाजपा-कांग्रेस दोनों में भय
जोगी ने कहा कि भगवान राम ने 14 साल वनवास के बाद राम राज्य की स्थापना किया था। उसी तरह उनके भी वनवास का 14 साल अब समाप्त हो गया है और प्रदेशमें जोगी राज तय है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में पक्ष में माहौल है। पार्टी के लगातार बढ़ रहे जनाधार से भाजपा-कांग्रेस दोनों में भय है।
वोट खरीदने का प्रयास
जोगी ने कहा कि सत्ताधारी दल भाजपा ने सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों को मुफ्त सामान बांटकर वोट खरीदने का प्रयास किया, लेकिन जनता ने इनकी मंशा भांपकर नकारने का मन बना लिया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इनका निर्णय दिल्ली में होता है। इशारों में उन्होंने शहर के दिग्गज कांग्रेसी नेता मोतीलाल वोरा पर भी निशाना साधा। सभा को प्रत्याशी प्रताप मध्यानी ने भी संबोधित किया। सभा में बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे।
हेमचंद को किया याद बोले लडऩे में आता था मजा
जोगी ने दिवंगत नेता हेमचंद यादव का नाम लेकर भी उनके परिवार को टिकट नहीं मिलने से उपजी नाराजगी को भुनाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हेमचंद यादव जाबाज और दिल के साफ नेता थे, उनसे मुद्दों को लेकर लडऩे में मजा आता था। जोगी ने उन्हें मंच से श्रद्धांजलि भी दी।