दुर्ग

कुख्यात अपराधी तपन से किस महापौर और संघ के बड़े नेता का है संबंध, बहुत जल्द होगा खुलासा?

केंद्रीय जेल में गैंगस्टर तपन के पास मोबाइल से अपराध का नेटवर्क चलाने की शिकायत के बाद अब इस मामले की तफ्तीश में नया खुलासा हुआ है।
3 min read
• •
Updated: 10 Jul 2018, 11:57 PM IST
Feature image

दुर्ग. केंद्रीय जेल में गैंगस्टर तपन सरकार के पास मोबाइल होने और उसके जरिए अपराध का नेटवर्क चलाने की शिकायत होने के बाद अब इस मामले की तफ्तीश में नया खुलासा हुआ है। तपन से मोबाइल पर बात करने वालों में राजनीतिक कद्दावरों के नाम भी हैं। कॉॅल डिटेल में सामने आया है कि गैंगस्टर से बात करने वालों में जिले के एक महापौर, दुर्ग-भिलाई के पार्षद और स्कूल संचालक शामिल हैं। वहीं बड़े लेनदेन में रायपुर के संघ नेता का नाम भी पुलिस फाइल में है।

संभ्रात व्यक्ति गैंगस्टर से बात क्यों करेगा?

प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने के बाद पुलिस अधिकारी कुछ भी खुलकर बोलने को तैयार नही हैं। इनका इतना भर कहना है कि जिसके नाम फाइल में हैं उनके बयान लिए जाएंगे। पुख्ता सबूत मिलने पर ही उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। हालांकि पुलिस खुफिया जानकारी जुटा रही है कि कहीं बातचीत कोई बड़ा सौदा कराने के लिए तो नहीं की गई? पुलिस के सामने सवाल है कि आखिर कोई संभ्रात व्यक्ति गैंगस्टर से बात क्यों करेगा?

तपन ने बतौर कर्ज दिया 55 लाख
जेल से गैंग चलाने की बात सामने आते ही तपन की उगाही के पैसे के निवेश की पड़ताल की जा रही है। इसमें संघ के प्रभावशाली नेता का भी नाम है। पुलिस की मानें तो तपन ने उसे 55 लाख रुपए दिए थे। यह रकम कर्ज के तौर पर दी गई थी। वह रकम नहीं लौटा रहा है, इसको लेकर तपन से लगातार उसकी बातचीत हुई है।

आखिर कौन है मैसेंजर गर्ल
पुलिस को एक लड़की तलाश है जो जेल से गैंगस्टर के मैसेज बाहर उसके गुर्गों तक पहुंचाती है। मैसेंंजर गर्ल को लेकर पुलिस के सामने अभी तक जो बात सामने आई है उसके मुताबिक लड़की के माता-पिता धोखाधड़ी के आरोप में जेल में हैं। उनसे मिलने वह जेल जाती थी, इसी दौरान उसकी मुलाकात तपन से हो गई।

दिल्ली के अधिवक्ताओं से कानूनी सलाह दिलाना अनिश का जिम्मा
तपन बेहद शातिर है। उसके लिए दिल्ली में अनिश गोपालन नाम का व्यक्ति काम करता है। वह उसे कानूनी सलाह दिलाने में मदद करता है। पुलिस ने जब क्राइम रिकॉर्ड खंगाला तो अनिश आदतन अपराधी निकला। उसके खिलाफ मोहननगर थाना में दो साल पहले एफआईआर हुई थी, जिसमें अग्रिम जमानत लेने के बाद वह फरार है। अब उसके बारे में और जानकारी एकत्रित की जा रही है।

पुराने अपराधियों को पकडऩे सीएसपी को जिम्मेदारी
तपन सरकार के गुर्गों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई। पुलिस का अनुमान है कि वह आसपास ही छिपे हुए हैं। अपराधियों को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी अब दुर्ग कोतवाली सीएसपी को दी गई। आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग से संयुक्त टीम बनाई जा रही है।

इनकी सरगर्मी से तलाश
१. अन्नू उर्फ अनुराग दुबे. २. शैलेष तिवारी, ३. गोपाल वर्मा उर्फ टकला, ४. रणजीत राणे

इस मामले मे ये जेल में है निरुद्ध

- तपन सरकार, - नितिन श्रीवास्तव, - अमित श्रीवास्तव
बंधक जमीन का सौदा करने के मामले में इनकी गिरफ्तारी

१. शैलेष उर्फ शैलू महराज, २. शेख अकरम, ३. अब्बास अहमद, ४. राजन विश्वकर्मा, ५. गौतम आसुदानी

तपन की हुकूमत का पर्दाफाश करने वाले के कलमबंद बयान
तपन सरकार पर जेल से यशग्रुप की जमीन का सौदा कराने और गैंग चलाने का आरोप लगाने वाले सतीश चंद्राकर के पुलिस ने कलमबंद बयान कराए हैं। उसे विशेष अभिरक्षा में न्यायाधीश प्रवीण मिश्रा की अदालत में पेश किया गया। वहां उसके बयान दर्ज किए गए। जानकारी के मुताबिक सुपेला पुलिस ने प्रार्थी से तीन दिन की कड़ी पूछताछ के बाद एफआइआर दर्ज की है। बता दें कि सतीश चंद्राकर भी पहले तपन के लिए ही काम करता था। बाद में तपन ने उसी से उगाही करना शुरू कर दिया। उसने तपन को हाईकोर्ट में जमानत के लिए दबाव में आकर २५ लाख रुपए देने का खुलासा किया है। प्रार्थी अपने बयान से पलटे इसलिए कलमबंद बयान कराया है।

Published on: