
दुर्ग. गैंगस्टर तपन सराकर को दुर्ग सेंट्रल जेल से अंबिकापुर सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया है। गुरुवार को शाम 4.30 बजे विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ तपन को सेंट्रल जेल से अंबिकापुर जेल के लिए रवाना किया गया। जिस पुलिस वेन में तपन को भेजा गया है उसे बीच में कहीं पर भी नहीं रोकने का आदेश दिया गया है। वेन अंबिकापुर जेल तक नान स्टाप चलेगी। अधिकारियों ने आदेश दिया है कि वेन को रोकने की बहुत अधिक आवश्यकता पड़ गई तो रास्ते में पडऩे वाले थाना परिसर में ही रोका जाए।
वेन की स्पीड निर्धारित
बारिश के मौसम को देखते हुए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वेन की स्पीड निर्धारित की गई है। वेन 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी। निर्देश के मुताबिक अंबिकापुर जेल पहुंचने के बाद सुरक्षा ड्यूटी करने वाले अधिकारी सबसे पहले जेल अधिकारियों से संपर्क करेंगे। इसके बाद वहां की वस्तुस्थिति की जानकारी स्थानीय अधिकारियों को देंगे।
सुरक्षा में तैनात अधिकारी कर्मचारी- एसआइ-एक, प्रधान आरक्षक-एक, आरक्षक-चार।
वेन में भोजन-पानी की व्यवस्था
गैंगस्टर तपन सरकार को दूसरे जेल में शिफ्ट करने के लिए एहतियात के तौर पर वेन में विशेष व्यवस्था की गई है। गैंगस्टर तपन सरकार को शाम ४ बजे भोजन परोसा गया। तपन के खाना खाने के बाद ही जेल प्रशासन ने उसे बैरक से बाहर निकाला। इसके बाद कर्मचारियों के लिए वेन में भोजन पैकेट की व्यवस्था की गई। वेन में विशेष रुप से पानी का जार रखा गया है, ताकि वेन को रास्ते में रोकना न पड़े।
विशेष एहतियात इसलिए
तपन का प्रभाव इतना है कि अभिरक्षा ड्यूटी करने वाले अधिकारी कर्मचारी भी उसके इशारे पर नाचते हैं। २००७-०८ में तपन को जगदलपुर सेंट्रल जेल में रखा गया था। जगदलपुर जेल से सुनवाई में उसे दुर्ग न्यायालय लाया गया था। रात लगभग ११ बजे दुर्ग पहुंचने के बाद अभिरक्षा में तैनात पुलिस कर्मचारी उसे थाना में रोकने की बजाय गैंगस्टर को सीधे सिकोलाभाठा प्रेम नगर स्थित उसके आवास में ले गए। इसकी जानकारी मिलते ही मोहन नगर पुलिस ने उसे सिकोलाभाठा स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया था। इसके पहले तपन पुलिस को चकमा देकर कई बार भाग चुका है। पुलिस कई बार उसे बिना गिरफ्तार किए बैरंग लौटी है।
आदेश तीन माह पहले का, अफसर बोल रहे कल मिला
तपन की गतिविधियों पर पुलिस छह माह से नजर रख रही थी। मामले का खुलासा होते ही आइजी जीपी सिंह ने जेल के उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी। पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जेल एवं गृह विभाग ने उसे अन्य जेल में शिफ्ट करने तीन माह पहले आदेश जारी कर दिया था, लेकिन दुर्ग सेंट्रल जेल के अधिकारियों का कहना है कि आदेश उन्हें बुधवार को मिला। आदेश मिलते ही उसे तत्काल अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने की कार्रवाई की गई।
जेल एवं गृह विभाग का आदेश
जेल अधीक्षक योगेश क्षत्रिय ने बताया कि कुख्यात अपराधी तपन को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने जेल एवं गृह विभाग से बुधवार को आदेश आया। आदेश में किस वजह से उसे दूसरे जेल में शिफ्ट किया जा रहा है इसका उल्लेख नहीं है। आदेश का पालन किया गया है। लाइन के अधिकारी शाम ४.३० बजे जेल से तपन सरकार को लेकर अंबिकापुर के लिए रवाना हुए।