दुर्ग

शौक पूरा करने अपनाया ऐसा तरीका कि पहुंच गए जेल, पढ़ें खबर

महंगे शौक पूरा करने के लिए कामकाजी युवतियों से मोबाइल छीन कर भागने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है।
2 min read
• •
Updated: 25 Feb 2018, 10:52 PM IST
Mobile robbery gang

दुर्ग . महंगे शौक पूरा करने के लिए कामकाजी युवतियों से मोबाइल छीन कर भागने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। पकड़े जाने से पहले आरोपियों ने मोबाइल लूट की 6 वारदातों को अंजाम दिया था। इसमें से दो मामले मोहन नगर थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। आरोपियों के खिलाफ मोहन नगर पुलिस ने धारा 392 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपियों को रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बाइक सवार दो युवक मोबाइल छीन कर भाग गए
मोहन नगर पुलिस के मुताबिक 15 फरवरी की रात लगभग साढ़े 9 बजे शंकर नगर की स्वाती सूर्यवंशी अपने काम से घर वापस लौट रहीं थी। इस दौरान वह मोबाइल पर बात कर रहीं थी। तभी हरनाबांधा मुक्तिधाम के पास पल्सर बाइक सवार दो युवक उसके पास से गुजरते हुएहाथ से मोबाइल छीन कर भाग गए। इसी प्रकार मोबाइल लूट की एक अन्य वारदात आर्य नगर स्थित गुप्ता नर्सिंग होम के पास 26 नवंबर की रात हुई थी। इस घटना में जयंती नर्सिंग होम की नर्स कविता शिकार हुई थी। कविता घटना की रात लगभग साढ़े आठ बजे शंकर नगर स्थित घर लौट रहीं थी। इसी दौरान गुप्ता नर्सिंग होम के पास पल्सर सवार दो युवक उससे मोबाइल छीन कर भाग गए थे। दोनों घटनाओं की शिकायत के आधार पर मोहन नगर पुलिस ने जुर्म दर्ज आरोपियों की पतासाजी कर रही थी।

मोबाइल बेचने के फिराक में चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस को जानकारी मिली कि दीपक नगर क्षेत्र के दो युवक महंगे मोबाइल कम कीमत पर बेचने की फिराक में घूम रहें हैं। इस आधार पर पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में युवकों ने इन दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इस पर आरोपी सिंधी कालोनी के शुभम 19 वर्ष और न्यू दीपक नगर के देवेन्द्र सोनी को गिरफ्तार किया गया।

दो मोबाइल के साथ पल्सर जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ६ मोबाइल बरामद किया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक क्रमांक सीजी 07-एएल-3392 को जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 392 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय रविवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दोनों आरोपियों को न्यायायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

करते थे महंगे कपड़ों का शौक पूरा
आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि महंगे मोबाइल रखने और महंगे कपड़े का शौक पूरा करने के लिए चोरी करते थे। आरोपियों ने इसी तरह केलाबाड़ी, सेक्टर-9, हुडको पेट्रोल पंप, सत्यम बेकरी सेक्टर-6 , घनश्याम सिंह आर्य कॉलेज के पास भी मोबाइल लूटना बताया।

Published on: