पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के स्थापना दिवस कही यह बात कहा, पीएम देश को दुनिया की तीन शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में करना चाहते हैं शामिल
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश को पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में देश की आंतरिक तथा बाहरी सुरक्षा को कायम रखने की महत्ता पर जोर दिया।
पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआर एंड डी) के 49वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान शाह ने कहा, "मोदी जी देश को पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना चाहते हैं और देश को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल कराना चाहते हैं। लेकिन देश की सुरक्षा के बिना आर्थिक प्रगति संभव नहीं है। राज्यों में कानून व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा कि देशभर में लगभग 34,000 पुलिसकर्मियों ने कानून व्यवस्था कायम रखने में अपने प्राण गंवाए हैं, जिससे पुलिस बल पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से उनके साथियों द्वारा किए गए अच्छे कामों को आगे ले जाने का आग्रह किया।
आपको बता दें कि पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को 5 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने की बात कही थी। उसके बजट सत्र के दिन देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश को 5 ट्रिलियन की इकोनॉमी बनाने पर जोर दिया। जिसके बाद वल्र्ड बैंक की रिपोर्ट आई थी कि 2018 में देश की इकोनॉमी दुनिया में 7वें नंबर पहुंच गई। जबकि 2017 में देश की इकोनॉमी दुनिया में 5 वें नंबर पर आ गई थी।
देश को पांच ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने के लिए लगातार पांच सालों तक देश को 8 फीसदी की विकास दर की जरुरत है। इस बात को सरकार अपने इकोनॉमिक सर्वे तक में कह चुकी है। वहीं मौजूदा समय में देश की विकास दर 7 फीसदी से भी नीचे आ चुकी है। जानकारों का कहना है कि वित्तीय वर्ष 2019 में भारत की विकास दर 6 फीसदी के आसपास बनी रह सकती है।