अर्थव्‍यवस्‍था

शेयर बाजार और रुपए के बाद अब विदेशी मुद्रा भंडार ने भी दिया झटका, एक सप्ताह में 1.26 अरब डॉलर की कमी

शेयर बाजार और रुपया के बाद अब विदेशी मुद्रा भंडार ने भी दिया झटका, एक सप्ताह में 1.26 अरब डॉलर की कमी
2 min read
Oct 05, 2018
India forex
शेयर बाजार और रुपए के बाद अब विदेशी मुद्रा भंडार ने भी दिया झटका, एक सप्ताह में 1.26 अरब डॉलर की कमी

नई दिल्ली। देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार दो सप्ताह की वृद्धि थम गई और यह 28 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 1.26 अरब डॉलर घटकर 400.52 अब डॉलर पर आ गया। इससे पहले 21 सितंबर को समाप्त सप्ताह में यह 1.30 अरब डॉलर बढ़कर सात सप्ताह के उच्चतम स्तर 401.79 अरब डॉलर पर पहुंचा था। इससे पहले 14 सितंबर को समाप्त सप्ताह में यह 1.21 अरब डॉलर बढक़र 400.49 अरब डॉलर रहा था।

स्वर्ण भंडार में 7.07 करोड़ डॉलर की गिरावट

रिजर्व बैंक की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 28 सितम्बर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 1.17 अरब डॉलर घटकर 376.24 अरब डॉलर पर आ गया। इस दौरान स्वर्ण भंडार भी 7.07 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 20.34 अरब डॉलर पर आ गया। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.46 करोड़ डॉलर घटकर 2.46 अरब डॉलर पर और विशेष आहरण अधिकार 1.04 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 1.47 अरब डॉलर पर आ गया।

रुपए की कमजोरी से भी घट रहा विदेशी मुद्रा भंडार

जानकारों के अनुसार, रुपए में लगातार हो रही गिरावट से भी विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज की जा रही है। डॉलर के मुकाबले रुपए में लगातार गिरावट हो रही है। इस कारण भारत को आयात पर ज्यादा धन खर्च करना पड़ रहा है। विदेशों से आयात करने के लिए भारत को डॉलर में भुगतान करना पड़ता है, लेकिन रुपए की गिरावट के कारण अब भारत को ज्यादा डॉलर का भुगतान करना पड़ रहा है। आपको बता दें कि शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 74 के पार चला गया। शुक्रवार को सुबह के समय रुपया डॉलर के मुकाबले 73.64 के स्तर पर खुला था। लेकिन दोपहर को आरबीआई की ओर से ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने से रुपए पर दबाव बन गया और 74 रुपए के पार चला गया। आरबीआई ने ब्याज दरों में बदलाव नहीं करते हुए रेपो दर को 6.5 फीसदी पर, जबकि रिवर्स रेपो दर को 6.25 फीसदी पर बरकरार रखा है।

Published on:
05 Oct 2018 05:37 pm