शिक्षा

Bihar Board Model Paper 2026 हुआ रिलीज, सीधे इस लिंक से डाउनलोड कर पाएंगे 10वीं-12वीं परीक्षा मॉडल पेपर

बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.com पर जाकर मॉडल पेपर डाउनलोड किया जा सकता है। इससे छात्रों को परीक्षा पैटर्न, प्रश्नों की संख्या, समय सीमा समझने में आसानी होगी।
2 min read
Dec 03, 2025
Bihar Board Model Paper 2026 Released
Bihar Board Model Paper 2026 Released(Image-Freepik)

Bihar Board Model Paper 2026: बिहार बोर्ड परीक्षा में बैठने जा रहे छात्रों के लिए बड़ा अपडेट सामने आ गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2026 के लिए सभी विषयों के मॉडल पेपर जारी कर दिए हैं। छात्र इन्हें समिति की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.com से आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। मॉडल पेपर जारी होने के बाद परीक्षार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा के पैटर्न, प्रश्नों की संख्या, समय सीमा और पूरे पैटर्न को समझने में मदद मिलेगी। बोर्ड ने 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं के लिए सभी विषयों के मॉडल प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए हैं, जिन्हें संबंधित सेक्शन में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है।

इस साल भी बोर्ड ने प्रश्नों की संख्या पहले की तरह दोगुनी रखी है, लेकिन छात्रों को केवल निर्धारित संख्या के ही प्रश्नों का उत्तर देना होगा। सभी सेक्शनों, mcq, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय में ऑप्शन पिछले साल की तरह पर्याप्त रखे गए हैं। इससे छात्रों को आने वाले प्रश्नों का चयन कर आंसर देने में सहूलियत मिलेगी।

ऐसे डाउनलोड कर पाएंगे Bihar Board Model Paper


मॉडल पेपर डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले biharboardonline.com वेबसाइट पर जाना होता है। वहां उपलब्ध मॉडल पेपर 2026 सेक्शन में अपनी कक्षा के अनुसार मैट्रिक या इंटर का ऑप्शन चुनना होता है। इसके बाद सभी विषयों के मॉडल प्रश्न पत्र दिखाई देंगे, जिन्हें क्लिक करके डाउनलोड किया जा सकता है।

Bihar Board Model Paper 2026: मैट्रिक का परीक्षा पैटर्न


मैट्रिक स्तर पर गणित विषय में कुल 138 प्रश्न शामिल किए गए हैं। इनमें से 100 प्रश्न mcq होंगे, जिनमें केवल 50 का उत्तर देना अनिवार्य है। यदि कोई छात्र 50 से अधिक mcq प्रश्न हल करता है, तो मूल्यांकन केवल पहले 50 उत्तरों के आधार पर ही होगा। इसके अलावा 30 लघु उत्तरीय प्रश्न दिए जाएंगे, जिनमें से 15 का आंसर किया जाएगा। आठ दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में से चार का उत्तर देना होगा। विज्ञान समेत अन्य विषयों में भी यही पैटर्न लागू रहेगा। mcq प्रश्नों का एक-एक अंक, लघु उत्तरीय प्रश्नों का दो-दो अंक और दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों का पांच-पांच अंक निर्धारित किया गया है।

Bihar Board Model Paper 2026: इंटर का क्या होता है पैटर्न?


इंटर परीक्षा में भी प्रश्नों का पैटर्न इसी तर्ज पर होगा। उदाहरण के तौर पर, केमिस्ट्री का प्रश्न-पत्र कुल 70 अंकों का होगा और इसमें 96 प्रश्न शामिल किए जाएंगे। इनमें 70 mcq प्रश्न होंगे, जिनमें से 35 का उत्तर देना होगा। 20 लघु उत्तरीय प्रश्नों में से 10 और छह दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में से तीन का उत्तर देना अनिवार्य होगा। अन्य विषयों में भी यही पैटर्न लागू होगी, जिससे विद्यार्थियों को एक समान पैटर्न मिल सकेगा। परीक्षा के दौरान छात्रों को प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट का ‘कूल ऑफ टाइम’ दिया जाएगा। इससे वे पेपर को समझकर बेहतर ढंग से हल कर पाएंगे।

Published on:
03 Dec 2025 09:28 am