
Career in Communication Skill Fields: आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सिर्फ एक अच्छी डिग्री हासिल करना ही करियर में बड़ी सफलता की गारंटी नहीं रह गया है। यदि आपकी कम्युनिकेशन स्किल्स मजबूत हैं, आप लोगों के सामने अपने विचार स्पष्ट रूप से रख सकते हैं और अपनी बात दूसरों को आसानी से समझाने का हुनर रखते हैं, तो आपके लिए नौकरियों के ढेरों अवसर मौजूद हैं। अपनी बात को प्रभावी ढंग से कहने की क्षमता अब एक ऐसा कौशल बन चुका है जिसके जरिए आप लाखों रुपये का पैकेज हासिल कर सकते हैं।
अक्सर यह माना जाता है कि अच्छा बोलने और बातचीत करने वालों के लिए केवल टीवी एंकरिंग या जर्नलिज्म ही एकमात्र रास्ता है। हालांकि डिजिटल युग और कॉर्पोरेट सेक्टर के तेजी से हो रहे विस्तार के बाद अब स्थिति बदल चुकी है। डिजिटल और कॉर्पोरेट दौर में कम्युनिकेशन स्किल्स की जरूरत अलग-अलग क्षेत्रों में है। अब कई आधुनिक और नए फील्ड्स सामने आ चुके हैं जहां सिर्फ अच्छी बातचीत और संवाद के दम पर शानदार करियर बनाया जा सकता है।
अगर आपको कैमरे के सामने बोलना पसंद है, तो टीवी एंकरिंग, रेडियो जॉकी, पॉडकास्टिंग और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में भी करियर बनाया जा सकता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के कारण वीडियो प्रेजेंटर और कंटेंट होस्ट की मांग भी बढ़ी है।
आज के समय में हर कोई अपनी पर्सनालिटी, बातचीत के लहजे और आत्मविश्वास को निखारना चाहता है। अगर आपको लोगों को संवाद कला सिखाना और उन्हें गाइड करना पसंद है तो आप एक कम्युनिकेशन कोच या कॉर्पोरेट ट्रेनर बन सकते हैं। इस क्षेत्र में कर्मचारियों को कम्युनिकेशन, पर्सनालिटी डेवलपमेंट, प्रेजेंटेशन और अन्य जरूरी स्किल्स की ट्रेनिंग दी जाती है। कॉर्पोरेट संस्थानों, स्कूल और कॉलेजों में ऐसे ट्रेनर्स की जरूरत होती है। अनुभव और विशेषज्ञता बढ़ने के साथ इस काम के लिए आकर्षक और मुंहमांगी सैलरी भी मिलती है।
बड़ी कंपनियों और बहुराष्ट्रीय संस्थानों में मैनेजमेंट और कर्मचारियों के बीच सही संवाद और तालमेल बनाए रखना बेहद जरूरी होता है। इंटरनल कम्युनिकेशंस स्पेशलिस्ट का मुख्य कार्य कंपनी की नीतियों, रणनीतियों और संदेशों को कर्मचारियों तक सटीक व सरल तरीके से पहुंचाना होता है। ये प्रोफेशनल कंपनियों की कार्यसंस्कृति को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका होती है।
पब्लिक रिलेशंस (PR) का काम नेटवर्किंग और असरदार बातचीत पर ही टिका होता है। एक पीआर एक्सपर्ट का काम बड़े ब्रांड्स, कंपनियों और सेलिब्रिटीज की छवि को मजबूत करना और उन्हें सकारात्मक रूप से प्रस्तुत करना होता है। किसी नए प्रोजेक्ट या फिल्म के प्रचार से लेकर किसी संकट के समय ब्रांड की प्रतिष्ठा बचाने तक, एक पीआर विशेषज्ञ की कम्युनिकेशन स्किल्स ही लोगों और मीडिया के साथ मजबूत रिश्ता कायम करती है।