
CBSE LOC Correction 2026-27: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) में सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन स्कूलों से छात्रों के विवरण दर्ज करने में कोई गलती या टाइपिंग की चूक हो गई थी, वे अब आधिकारिक पोर्टल cbse.gov.in पर जाकर डाटा में जरूरी सुधार कर सकते हैं। स्कूल प्रशासन 7 नवंबर, 2026 तक छात्रों के रिकॉर्ड्स को ठीक कर सकते हैं। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि, वे स्कूल से संपर्क कर अपने विवरणों की जांच कर लें।
बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों के अनुसार संशोधन प्रक्रिया का कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है-
| विवरण | जरूरी जानकारी |
| सुविधा का नाम | CBSE LOC करेक्शन विंडो |
| संबंधित कक्षाएं | कक्षा 10वीं और 12वीं (सेशन 2026-27) |
| सुधार शुरू होने की तारीख | 2 नवंबर, 2026 |
| सुधार करने की आखिरी तारीख | 7 नवंबर, 2026 |
| लॉगिन का माध्यम | केवल स्कूल अथॉरिटी के जरिए |
| आधिकारिक वेबसाइट | cbse.gov.in |
CBSE ने साफ किया है कि, पोर्टल पर सुधार करने की सुविधा केवल मान्यता प्राप्त स्कूलों को दी गई है। छात्र या उनके अभिभावक व्यक्तिगत स्तर पर वेबसाइट पर लॉगिन करके सीधे कोई बदलाव नहीं कर सकेंगे। छात्रों और पैरेंट्स को अपने स्कूल प्रशासन से संपर्क करना होगा और उन्हें अपने फॉर्म में हुई गलती की जानकारी देनी होगी, ताकि स्कूल अपने लॉगिन पोर्टल से समय-सीमा खत्म होने से पहले संशोधन कर सके। कोई गलती मिलने पर स्कूल प्रशासन को तुरंत बताएं। स्कूल से 7 नवंबर, 2026 तक जरूरी सुधार पूरा करने की पुष्टि लें।
बोर्ड ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे स्कूल द्वारा सबमिट किए गए ब्योरे की एक बार बारीकी से पड़ताल कर लें। फॉर्म में दर्ज जानकारियों का छात्र के सरकारी दस्तावेजों और स्कूल रिकॉर्ड से मिलान होना बहुत जरूरी है-
सीबीएसई ने इस विशेष करेक्शन विंडो के दौरान सामान्य गलतियों को सुधारने के लिए अलग से कोई अतिरिक्त शुल्क निर्धारित नहीं किया है। हालांकि, बोर्ड ने सामान्य समय सीमा समाप्त होने के बाद LOC जमा करने वाले स्कूलों के लिए प्रति छात्र 2000 रुपये का लेट फीस शुल्क तय किया था। यह लेट फीस देर से फॉर्म जमा करने के लिए थी, इसे करेक्शन फीस न समझा जाए। शुल्क से जुड़े किसी भी संशय की स्थिति में अभिभावक सीधे अपने स्कूल प्रशासन से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।
सीबीएसई 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2027 से शुरू होने जा रही हैं और बोर्ड जल्द ही विषयवार डेट शीट जारी करने की तैयारी में है। ऐसे में LOC डाटा फाइनल होने के बाद दोबारा सुधार का कोई मौका नहीं मिलेगा। छात्र और अभिभावक अपने स्कूल से संपर्क कर फॉर्म में दर्ज ब्योरे की कॉपी लेकर उसे अच्छी तरह चेक कर लें और कोई भी विसंगति मिलने पर 7 नवंबर से पहले उसे दुरुस्त करा लें। स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि, डेट शीट और अन्य जरूरी जानकारी के लिए बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट को समय-समय पर चेक करते रहें।