India Post GDS Recruitment 2026: भारतीय डाक विभाग ने 28,740 ग्रामीण डाक सेवक पदों पर जारी किया भर्ती का नोटिफिकेशन। 10वीं पास युवाओं के पास है बिना परीक्षा सरकारी नौकरी पाने का बड़ा मौका। जानिए क्या है आवेदन की तारीख, राज्यवार पद और सिलेक्शन प्रोसेस से जुड़ी सभी डिटेल्स।
India Post GDS Recruitment 2026: सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए भारतीय डाक विभाग ने नौकरी का पिटारा खोल दिया है। इंडिया पोस्ट ने साल 2026 की अपनी सबसे बड़ी भर्ती का एलान करते हुए ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के पदों पर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के जरिए देशभर के डाकघरों में कुल 28,740 पदों को भरा जाएगा, जिसमें ब्रांच पोस्टमास्टर और असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर जैसे पद शामिल हैं।
डाक विभाग की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 31 जनवरी, 2026 से शुरू होने जा रही है। इच्छुक उम्मीदवार विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट indiapostgdsonline.gov.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। आवेदन करने की लास्ट डेट 14 फरवरी, 2026 तय की गई है। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने के लिए उम्मीदवारों को 16 फरवरी, 2026 शाम 5 बजे तक का समय मिलेगा। विभाग ने यह साफ किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे।
इस बार की भर्ती में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में पदों की संख्या काफी अधिक है। इस भर्ती में देश के लगभग सभी पोस्टल सर्किल शामिल किए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र में 3,553 और उत्तर प्रदेश में 3,169 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में भी 2,982 पदों पर वैकेंसी निकाली गई है। यह भर्ती स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार देने की दिशा में एक बड़ा और अहम कदम मानी जा रही है।
ग्रामीण डाक सेवक बनने के लिए कैंडिडेट्स का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा पास होना जरूरी है। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 40 साल तय की गई है। सरकारी नियमों के मुताबिक, रिजर्व कैटेगरी के कैंडिडेट्स को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी। बता दें कि विभाग, इस भर्ती अभियान के जरिए देशभर के डाकघरों में कुल 28,740 पदों को भरेगा।
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि, उम्मीदवारों को किसी भी तरह की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन पूरी तरह से 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। डाक विभाग 28 फरवरी, 2026 को पहली मेरिट लिस्ट जारी कर सकता है। इस लिस्ट में उम्मीदवार का डिवीजन नाम, पोस्ट ऑफिस, पद का नाम, वर्ग, रजिस्ट्रेशन नंबर, 10वीं के परसेंटेज और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की जगह जैसी जरूरी जानकारी दी जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर अपना डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवाना होगा।
चयनित उम्मीदवारों को उनके पद के हिसाब से शानदार सैलरी दी जाएगी। असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) के पद पर 10,000 से 24,470 रुपये और ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM) के पद पर 12,000 से 29,380 रुपये प्रतिमाह तक का वेतनमान तय किया गया है। ग्रामीण इलाकों के युवाओं के लिए यह एक बेहतरीन करियर ऑप्शन साबित हो सकता है।
अगर उम्मीदवारों से आवेदन में कोई गलती हो जाती है, तो उनके लिए 18 और 19 फरवरी, 2026 को करेक्शन विंडो ओपन की जाएगी, जिसमें तय शुल्क जमा करके करेक्शन किया जा सकेगा। कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि, वह अन्य जरूरी जानकारी और अपडेट्स के लिए विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट को समय-समय पर चेक करते रहें।