Rohit Shetty House Firing: रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आने से सनसनी फैल गई है। इस मामले के बाद एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई चर्चा में है। जानिए आखिर कितना पढ़ा-लिखा है यह गैंगस्टर और पंजाब यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री लेने के बाद कैसे बना क्राइम वर्ल्ड का सबसे बड़ा नाम?
Rohit Shetty House Firing: मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। इस घटना के बाद से पूरा बॉलीवुड दहशत में है। सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस से लेकर बाबा सिद्दीकी की हत्या तक, अपराध की दुनिया में आज लॉरेंस बिश्नोई एक खौफनाक नाम बन चुका है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि, जुर्म के रास्ते पर कदम रखने से पहले लॉरेंस एक छात्र नेता था और उसने कानून की पढ़ाई की है? जी हां, करोड़ों की संपत्ति और पुलिस कॉन्स्टेबल का बेटा होने के बावजूद लॉरेंस ने पढ़ाई छोड़कर अपराध का रास्ता चुना।
लॉरेंस बिश्नोई का जन्म 12 फरवरी, 1993 को पंजाब के फिरोजपुर जिले के धत्तरांवाली गांव में हुआ था। उसके पिता हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल थे, जिन्होंने 1997 में पुलिस सेवा छोड़कर किसान बनने का फैसला किया और खेती शुरू कर दी। लॉरेंस ने अपनी स्कूल की पढ़ाई अबोहर से पूरी की। 12वीं के बाद साल 2010 में वह उच्च शिक्षा के लिए चंडीगढ़ आया और सेक्टर 10 के मशहूर डीएवी कॉलेज में दाखिला लिया।
चंडीगढ़ आने के बाद लॉरेंस की दिलचस्पी पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति में बढ़ गई। साल 2011 में उसने छात्र परिषद के चुनावों में हिस्सा लिया। इसी दौरान उसकी मुलाकात गोल्डी बराड़ से हुई, जो आज उसके गैंग का मुख्य हैंडलर है। छात्र राजनीति के दौरान ही लॉरेंस पर मारपीट, हवाई फायरिंग और अवैध घुसपैठ जैसे मुकदमे दर्ज होने शुरू हुए। कॉलेज के दिनों से शुरू हुआ यह सिलसिला उसे सलाखों के पीछे ले गया।
लॉरेंस बिश्नोई ने पंजाब यूनिवर्सिटी से एलएलबी (LLB) यानी कानून की डिग्री हासिल की है। हालांकि, उसकी कॉलेज लाइफ विवादों से भरी रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीए फर्स्ट ईयर के दौरान उसे नकल करते हुए पकड़ा गया था। तब वह पकड़े जाने के डर से पहली मंजिल की खिड़की से कूदकर भाग गया था। बाद में जब वह अपराध की दुनिया में सक्रिय हुआ, तब उसे पुलिस कस्टडी में हथकड़ी लगाकर परीक्षा दिलाने लाया गया था। वह दो बार बीए पास करने में नाकाम रहा था, लेकिन बाद में उसने लॉ की डिग्री पूरी की।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ लॉरेंस का सफर आज उसे देश के सबसे बड़े गैंगस्टर्स की लिस्ट में ले आया है। हाल ही में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई चर्चा में आ गया है। इस घटना ने एक बार फिर उसके गैंग की सक्रियता को साबित किया है, उसके बढ़ते रसूख को देखते हुए बॉलीवुड के कई बड़े सितारों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।