शिक्षा

KVS के स्टुडेंट्स हर रोज दूसरी भाषा के पांच-छह शब्द सीखें : जावड़ेकर

मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने देश की एकता को मजबूत बनाने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन दूसरी भारतीय भाषाओं के पांच-छह शब्द सीखने की सलाह दी है।

less than 1 minute read
Nov 01, 2018
Prakash Javadekar

मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने देश की एकता को मजबूत बनाने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन दूसरी भारतीय भाषाओं के पांच-छह शब्द सीखने की सलाह दी है। जावड़ेकर ने गुरुवार को केन्द्रीय विद्यालय संगठन (KVS) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए यह सलाह दी। 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की अवधारणा पर केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने यह शिविर आयोजित किया है जिसमें स्कूली स्टुडेंट्स दूसरे राज्यों की संस्कृति की झांकी पेश कर रहे हैं और इसके लिए एक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है।

मानव संसाधन विकास मंत्री ने केवीएस की तारीफ करते हुए कहा कि यह संगठन केवल सरकारी विद्यालयों के लिए ही नहीं, बल्कि निजी विश्विद्यालयों के लिए भी एक रोल मॉडल रहा है और सीबीएसई की परीक्षाओं में इसके स्टुडेंट्स के नतीजे बेहतर होते हैं। इस वर्ष तो केवीएस के 98 प्रतिशत छात्र-छात्राएं CBSE की परीक्षा में पास हुए। उन्होंने कहा कि अनेकता में एकता भारत की विशेषता रही है और केवीएस के स्कूल इस विशेषता को प्रदर्शित करते रहे हैं। इस एकता शिविर में भी छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और प्रतिभा के माध्यम से देश की संस्कृति को पेश किया है तथा उनका यह प्रदर्शन काफी प्रशंसनीय है।

जावड़ेकर ने कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा दूसरी भाषा सीखने से यह सांस्कृतिक एकता और म•ाबूत होगी। केवीएस के आयुक्त संतोष कुमार मल्ल ने जावड़ेकर का स्वागत करते हुए कहा कि केवीएस एक मिनी भारत है और इस शिविर से छात्र-छात्राओं को भी एक दूसरे की संस्कृति को जानने-समझने का अवसर मिलेगा। समारोह में गुवाहाटी के छात्र-छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य पेश किया तो दिल्ली के छात्र-छात्राओं ने यूनानी नृत्य पेश किया। बुधवार को कोलकाता के स्टुडेंट्य ने राजस्थानी नृत्य पेश किया था। शुक्रवार को शिविर का अंतिम दिन है। स्कूली शिक्षा सचिव रीना रे समापन समारोह की अध्यक्ष होंगी।

ये भी पढ़ें

‘‘मिशन साहसी’’ छात्राओं को साहसी बनने के दिए टिप्स
Published on:
01 Nov 2018 07:22 pm
Also Read
View All