MP Board 12th Result 2026: उज्जैन की ज्योति यादव ने आर्ट्स में 97 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पांचवीं रैंक पाई है। किसान की बेटी ज्योति ने सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर अंग्रेजी में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। जानिए ज्योति ने अपनी सफलता पर क्या कहा।
MP Board 12th Topper Jyoti Yadav: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) के 12वीं के परीक्षा परिणामों में उज्जैन की होनहार छात्रा ज्योति यादव ने अपनी सफलता से सबको हैरान कर दिया है। एक साधारण किसान परिवार से आने वाली ज्योति ने (आर्ट्स संकाय) में स्टेट लेवल की मेरिट लिस्ट में पांचवां स्थान हासिल किया है। ज्योति की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि यदि पूरी लगन के साथ मेहनत की जाए, तो सुख-सुविधाओं की कमी सफलता के आड़े नहीं आ सकती।
ज्योति यादव ने 12वीं की परीक्षा में 500 में से कुल 485 अंक प्राप्त किए हैं। उनका कुल प्रतिशत 97 रहा। ज्योति के विषयों की बात करें तो उन्होंने अंग्रेजी में 100 में से 100 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया। इसके अलावा भूगोल में 98, राजनीति विज्ञान में 97, इतिहास में 96 और हिंदी में 94 अंक प्राप्त किए हैं। ज्योति उज्जैन के एक सरकारी स्कूल की छात्रा हैं और उनकी इस सफलता से उनके परिवार और स्कूल में जश्न का माहौल है।
ज्योति के पिता पेशे से एक किसान हैं। अपनी बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने ज्योति को कक्षा 8वीं के बाद से ही घर से दूर शहर में रहकर पढ़ाई करने के लिए भेजा था। ज्योति ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता, स्कूल के शिक्षकों और अपने दोस्तों को दिया है। उनका कहना है कि उनके पिता ने हमेशा से ही उन्हें सपोर्ट किया है। इसके साथ ही ज्योति ने बताया कि, अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन की वजह से ही वह आज इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।
अपनी रणनीति साझा करते हुए ज्योति ने बताया कि उन्होंने अपनी आंसर राइटिंग को बेहतर बनाने के लिए बहुत मेहनत की है। वे नियमित रूप से साप्ताहिक टेस्ट देती थीं और उत्तरों को प्रभावशाली ढंग से लिखने का अभ्यास करती थीं। ज्योति के अनुसार, परिणाम आने के कुछ समय पहले तक उनके शिक्षक और माता-पिता उन्हें प्रोत्साहित करते रहे कि मेहनत पर भरोसा रखो, नतीजा जो भी हो वह मंजूर होगा। अपनी रुचियों के बारे में बात करते हुए ज्योति ने बताया कि उन्हें सोना और खाना बहुत पसंद है। फिलहाल वे अपनी इस बड़ी जीत का आनंद ले रही हैं और आगे चलकर देश की सेवा करना चाहती हैं।