शिक्षा

UPESSC UP TGT Recruitment 2026: यूपी में सहायक अध्यापक के 17,000 से ज्यादा पदों पर बंपर भर्ती, आज से रजिस्ट्रेशन शुरू; जानिए पूरी डिटेल

UPESSC Assistant Teacher Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में 17735 TGT पदों पर भर्ती शुरू कर दी है। 24 अक्टूबर से आवेदन शुरू हैं। जानिए एग्जाम डेट और योग्यता से जुड़ी सभी जरूरी डिटेल्स।
3 min read
• •
Updated: 24 Oct 2026, 1:28 PM IST
UP TGT Vacancy 2026, UPESSC Assistant Teacher Recruitment 2026, UP Teacher Bharti 2026, Jobs 2026, UP News
UP TGT Teacher Vacancy 2026: आज से रजिस्ट्रेशन शुरू (PC: UPESSC/ Official Website)

UP TGT Teacher Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक यानी प्रशिक्षित स्नातक संवर्ग (TGT) के 17735 रिक्त पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज यानी 24 अक्टूबर, 2026 से शुरू हो चुकी है। पात्र कैंडिडेट्स आयोग के ऑफिशियल पोर्टल upessc.up.gov.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं।

UPESSC UP TGT 2026: किस विषय में निकली हैं कितनी भर्ती

इस भर्ती में बालक विद्यालयों के लिए कुल 16193 पद और बालिका विद्यालयों के लिए 1542 पद निर्धारित किए गए हैं। सबसे ज्यादा वैकेंसी हिंदी विषय में निकाली गई हैं। प्रमुख विषयों की रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है:

विषय (Subject)कुल रिक्त पद
हिंदी2791 पद
अंग्रेजी2517 पद
विज्ञान2493 पद
सामाजिक विज्ञान2482 पद
गणित2349 पद

इन प्रमुख विषयों के अलावा संस्कृत, उर्दू, कॉमर्स, संगीत, गृह विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, कला, कृषि, सिलाई और जीव-विज्ञान जैसे अन्य विषयों में भी रिक्तियां शामिल हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता के अनुसार इन पदों की संख्या घट या बढ़ भी सकती है। टीजीटी के पदों पर चयनित किए गए उम्मीदवारों को प्रतिमाह 44,900 रुरये से लेकर 1,42,400 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जाएंगे।

जरूरी तारीखें और एग्जाम शेड्यूल

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की आखिरी तारीख 23 नवंबर, 2026 तय की गई है। यदि आवेदन करते समय किसी कैंडिडेट के फॉर्म में कोई त्रुटि रह जाती है तो उसके लिए 26 नवंबर, 2026 तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार लिखित परीक्षा का आयोजन 23 और 24 दिसंबर, 2026 को प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर कराया जाएगा।

UP TGT 2026 कैटेगरी वाइज एप्लीकेशन फीस

कैंडिडेट्स को अपनी श्रेणी के आधार पर तय एप्लीकेशन फीस का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। फीस जमा करने के लिए डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, UPI और ऑनलाइन वॉलेट का उपयोग किया जा सकता है

  • जनरल, OBC और EWS कैटेगरी: 1000 रुपये
  • SC और ST कैटेगरी: 500 रुपये
  • दिव्यांग (PH) कैटेगरी: 300 रुपये

ऐसा रहेगा लिखित UP TGT Exam Pattern

कैंडिडेट्स का फाइनल सिलेक्शन 3 चरणों की प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा- डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षण, लिखित परीक्षा (ऑब्जेक्टिव टाइप टेस्ट) और इंटरव्यू (साक्षात्कार / वाइवा वोस)। लिखित परीक्षा कुल 360 अंकों की होगी जिसमें 120 ऑब्जेक्टिव मल्टीपल चॉइस सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा 2 घंटे के लिए आयोजित कराई जाएगी। सही उत्तर के लिए 3 अंक और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1 अंक की कटौती की जाएगी। प्रश्न-पत्र हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषा में होगा।

  • सामान्य ज्ञान यानी जनरल नॉलेज से 30 सवाल पूछे जाएंगे।
  • संबंधित विषय से 90 सवाल पूछे जाएंगे।
  • परीक्षा के लिए कुल 360 अंक निर्धारित किए गए हैं।

एज लिमिट और जरूरी एजुकेशनल क्वालिफिकेशन

इस भर्ती में शामिल होने के लिए कैंडिडेट्स के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से संबंधित विषय में कम से कम 50 परसेंट मार्क्स के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद NCTE से मान्यता प्राप्त कॉलेज से बीएड की डिग्री होना अनिवार्य है। अपर प्राइमरी लेवल यानी कक्षा 6 से 8 तक के अध्यापन के लिए राज्य सरकार अथवा केंद्र सरकार द्वारा आयोजित TET परीक्षा पास होना जरूरी है। आयु सीमा की गणना 1 जुलाई, 2026 के आधार पर की जाएगी। इसके तहत उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 62 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के कैंडिडेट्स को सरकारी नियमों के तहत अधिकतम उम्र में छूट दी जाएगी।

UP TGT Teacher Vacancy 2026 के लिए ऐसे करें ऑनलाइन अप्लाई

  1. सबसे पहले आयोग के आधिकारिक पोर्टल upessc.up.gov.in पर जाएं।
  2. होम पेज पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अनिवार्य OTR (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया पूरी करें।
  3. रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद ऑनलाइन एप्लीकेशन सिस्टम में लॉगिन करें।
  4. स्क्रीन पर दिख रहे UP TGT Assistant Teacher Recruitment 2026 के एप्लीकेशन लिंक को चुनें।
  5. आवेदन फॉर्म में अपनी पर्सनल, एकेडमिक और कैटेगरी से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां सावधानीपूर्वक दर्ज करें।
  6. निर्धारित साइज 10 KB से 100 KB के बीच JPG या JPEG फॉर्मेट में अपनी नई फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें।
  7. मांगे गए सभी जरूरी दस्तावेज और प्रमाण-पत्र 20 KB से 200 KB के बीच PDF फॉर्मेट में अपलोड करें।
  8. उपलब्ध ऑनलाइन विकल्पों के जरिए परीक्षा फीस का भुगतान करें और फॉर्म को फाइनल सबमिट करके उसका प्रिंटआउट निकाल लें।