UP Assembly Elections 2022- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर से समाजवादी पार्टी की विजय रथ यात्रा की शुरुआत की, गोरखपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का भव्य स्वागत किया, यहां से विजय रथ पर सवार होकर अखिलेश कुशीनगर के लिए रवाना हुए
गोरखपुर. UP Assembly Elections 2022- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को गोरखपुर से विजय रथ यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह गरीबों की नहीं अमीरों की सरकार है, जो गरीबों का जेब काटकर अमीरों की तिजोरी भर रही है। महंगाई से आमजन त्रस्त है। युवा बेरोजगार हैं। यहां का विकास नहीं बल्कि नाव का विकास हुआ। बरसात भर शहर पानी से भरा हुआ था। लोग समस्याओं से जूझ रहे हैं। कोरोना काल में सरकार ने मरीजों को मरने के लिए छोड़ दिया था। सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो मुख्यमंत्री लैपटॉप चलाना नहीं जानते, वह प्रदेश क्या चलाएंगे।
गोरखपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का भव्य स्वागत किया। यहां से विजय रथ पर सवार होकर अखिलेश कुशीनगर के लिए रवाना हुए। कुशीनगर जाने से पूर्व उन्होंने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी चुनाव में हार से भयभीत है। इसी कारण चुनाव आयोग मतदाताओं के बढ़े व घटे नामों की सूची जारी नहीं कर रही है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा को 2024 की चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्हें 2022 में जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
विजय यात्रा की हुई शुरुआत
गोरखपुर के रजही मोड़ से अखिलेश यादव ने विजय रथ यात्रा की शुरुआत की। जगदीशपुर में सभा व स्वागत किया गया। इसी क्रम में विजय रथ यात्रा हाटा विधान सभा, रामकोला विधानसभा के कप्तानगंज, खड्डा विधानसभा के पकड़ियार बाजार, नौरंगिया चौराहा, पडरौना में महाराणा प्रताप चौक पहुंची, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत हुआ। अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा रविवार को भी कुशीनगर के कई स्थानों पर निकलेगी।