चुनाव

Kairana Assembly Elections Result 2022 : कैराना में फिर चला नाहिद हसन का जादू, मृगांका सिंह को 28283 वोटों से हराया

Kairana Assembly Elections Result 2022 : यूपी विधानसभा चुनाव परिणाम (UP Assembly Election Results 2022) आ चुके हैं। पलायन मुद्दे को लेकर सुर्खियों में रही कैराना सीट पर इस बार भी सपा प्रत्याशी नाहिद हसन ने जीत हासिल की है। चौथे राउंड में मृगांका सिंह (Mriganka Singh) ने नाहिद हसन पर मामूली बढ़त जरूर बनाई, लेकिन अंत में जीत का ताज नाहिद हसन (Nahid Hasan) के सिर ही सजा है।

2 min read
Mar 10, 2022
kairana-election-results-up-assembly-elections-2022-results_2.jpg
Kairana Assembly Elections Result 2022 : कैराना में फिर चला नाहिद हसन का जादू, मृगांका सिंह को 28283 वोटों से हराया।

Kairana Assembly Elections Result 2022 : पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे हॉट सीट में शुमार कैराना विधानसभा पिछली बार की तरह इस बार भी प्रचार के दौरान सुर्खियों में रही। यूपी विधानसभा चुनाव का फैसला (UP Assembly Election Results 2022) अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह (Amit Shah) समेत दिग्गज नेताओं ने ध्रुवीकरण की राजनीति को हवा देकर 2017 के नतीजे को बदलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। कैराना सीट से चौथे चरण में मृगांका सिंह (Mriganka Singh) ने नाहिद हसन पर मामूली बढ़त जरूर बनाई, लेकिन अंत में जीत का ताज नाहिद हसन (Nahid Hasan) के सिर ही सजा है। उन्होंने मृगांका सिंह को 28283 वोटों से हरा दिया है।

मतगणना के फाइनल नतीजे

नाहिद हसन (सपा) - 130483

मृगांका सिंह (भाजपा) - 102200

सपा प्रत्याशी नाहिद हसन ने बीजेपी की उम्मीदवार मृगांका सिंह को 28283 वोटों से मात दी।

बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान नाहिद हसन के समर्थकों का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखी टिप्पणी की थी। सीएम योगी ने कहा था कि कैराना से तमंचावादी पार्टी का उम्मीदवार धमकी दे रहा है। यानी गर्मी अभी शांत नहीं हुई है, 10 मार्च के बाद ये गर्मी शांत हो जाएगी। इस बयान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा था कि क्या सीएम योगी कम्प्रेशर हैं, जो गर्मी खत्म कर देंगे। जबकि अखिलेश ने भी चुटकी लेते हुए कहा था कि अगर खून की गर्मी खत्म हो गई तो हम लोग जिंदा नहीं बच पाएंगे। इसके बाद कैराना चुनाव की गर्मी पूरे विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान नजर आई।

छाया रहा पलायन का मुद्दा

कैराना सीट से सपा ने वर्तमान विधायक नाहिद हसन पर दांव आजमाया था। बीजेपी ने यहां पर पलायन को अहम मुद्दा बनाया और भाजपा ने भूतपूर्व सांसद हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह को एक बार फिर से मौका दिया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी।

कैराना में टूटा मतदान का रिर्कार्ड

बता दें कि शामली जिले की कैराना विधानसभा सीट पर इस बार सर्वाधिक मतदान हुआ, जो कि पहले के मुकाबले 2.86 प्रतिशत अधिक था। 2017 में कैराना सीट पर 69.36 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। जबकि इस बार 73.22 प्रतिशत मतदान हुआ।

Updated on:
10 Mar 2022 06:04 pm
Published on:
10 Mar 2022 07:09 am