चुनाव

UP Election 2022: किसान आंदोलन का जवाब देने के लिए भाजपा निकालेगी ट्रैक्टर रैली, भाकिमो को मिली जिम्मेदारी

UP Election 2022: विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और किसान आंदोलन भी अपने चरम पर है। किसान आंदोलन कहीं सत्ता दल भाजपा के लिए नुकसानदायक सिद्ध न हो इसके लिए भाजपा संगठन ने तैयारी शुरू कर दी है। किसान आंदोलन की काट और आंदोलनरत किसान संगठनों को जवाब देने के लिए भाजपा हर जिले में किसान ट्रैक्टर रैली का आयोजन करने जा रही है।

2 min read
Nov 13, 2021
bjp_mishon_2022.jpg

UP Election 2022: विधानसभा चुनाव के नजदीक आ गए हैं और किसान आंदोलन थमता नहीं नजर आ रहा है। किसान आंदोलन कहीं भाजपा को नुकसान न पहुंचा दे इसके मद्देनजर आंदोलन का जवाब देने के लिए भाजपा के किसान मोर्चा ने प्रदेश भर में किसान ट्रैक्टर रैली के आयोजन की तैयारी की है। रैली की शुरुआत 16 नवंबर से होगी। सिलसिला 30 जनवरी तक चलेगा। पखवारे भर चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत हर जिले में रैली का आयोजन किया जाएगा।

भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री गोपाल शर्मा ने बताया कि प्रदेश में भाजपा किसान ट्रैक्टर रैली की शुरुआत मऊ जिले से होगी। इसके बाद 25 नवंबर को देवरिया, 27 को नोएडा में निकाली जाएगी। इसके बाद जल्द ही अन्य जिलों के आयोजन तिथि भी निर्धारित की जाएगी।

सांसद, व‍िधायक भी रहेंगे उपस्थित

महामंत्री गोपाल शर्मा ने बताया कि सभी रैलियों में स्थानीय सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक, विधान परिषद सदस्य और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। हर रैली में 250 और अधिकतम 400 ट्रैक्टर की मौजदूगी सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि हर जिले के 20 किलोमीटर दायरे के किसानों को इस किसान ट्रैक्टर रैली में आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर किसानों के उन्नति, प्रगति एवं उत्थान का प्रतीक है। इसलिए किसान ट्रैक्टर रैली निकालने का निर्णय लिया गया।

बता दे कि इस रैली में किसानों को बताया जाएगा कि मोदी और योगी आदित्यनाथ सरकार ने किसानों के हित में जितने निर्णय लिए गए उतने किसी सरकार ने नहीं लिए। इस दौरान किसानों को नए कृषि कानून की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे संगठनों की सच्चाई बताएगी ताकि किसानों के बीच नए कृषि कानूनों का भ्रम दूर किया जा सके। उन्होंने बताया कि किसान मोर्चा दिसंबर तक प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में किसान सम्मेलन भी आयोजित कर रही है।

Published on:
13 Nov 2021 02:49 pm