MP Politics मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव बेहद नजदीक हैं। सभी दलों की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। कांग्रेस व भाजपा जैसी बड़ी पार्टियां विधानसभा चुनाव के साथ आने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां भी कर रहीं हैं। 12 जून को प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगी तो 22 जून को गृहमंत्री अमित शाह और 30 जून को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा आएंगे।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव संग लोकसभा चुनाव की तैयारियां राजनीतिक दलों ने शुरू कर दी है। राष्ट्रीय दल मध्य प्रदेश को बेहद तरजीह दे रहे हैं। इस वक्त मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है। भाजपा—कांग्रेस दोनों दलों के राष्ट्रीय नेताओं ने मध्य प्रदेश का दौरा शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी 12 जून को जबलपुर आ रही हैं। गृहमंत्री अमित शाह 22 जून और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा 30 जून को खरगोन आ रहे हैं। दूसरे अन्य दल भी तैयारियों में जुटे हैं।
22 जून को शाह और 30 जून को नड्डा आएंगे
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सिर्फ पांच महीने बाकी हैं जबकि लोकसभा चुनाव में भी अब साल भर से कम समय ही शेष है। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। ऐसी चर्चा है कि इस विशेष जनसंपर्क अभियान में भाजपा के 16 केंद्रीय मंत्री आएंगे। इसके तहत 22 जून को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बालाघाट आ रहे हैं जबकि 30 जून को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा खरगोन आ रहे हैं।
केंद्र के 16 मंत्री आएंगे
मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के अनुसार, चुनाव तक पार्टी प्रदेश में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस अभियान में मध्य प्रदेश के वरिष्ठ बीजेपी नेताओं के अलावा केंद्र के 16 मंत्री शामिल होकर जनता को प्रदेश व केन्द्र सरकार की जनहितेषी योजनाओं से अवगत कराएंगे।
यह भी पढ़ें - अकाली दल-भाजपा की खत्म होगी दरार, फिर बनेंगे दोस्त! सुगबुगाहट जारी है...
रणनीतिक बैठक करेंगे शाह और नड्डा
अमित शाह और जयप्रकाश नड्डा के दौरों के दौरान रणनीतिक बैठक में प्रदेश के नेताओं को चुनावी गाइडलाइन देने के साथ ही आपसी मनमुटाव को दूर करने का प्रयास करेंगे।
12 को जबलपुर आएंगी प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी 12 जून को जबलपुर आ रही है। जबलपुर में कांग्रेस की आम सभा का आयोजन किया गया है।