Mathura Assembly Elections Result 2022 : यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजे (UP Assembly Election Results 2022) आ चुके हैं। मथुरा विधानसभा सीट से यूपी के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा (Shrikant Sharma) ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर (Pradeep Mathur) को 1 लाख 9 हजार 803 मतों से हरा दिया है। श्रीकांत शर्मा को कुल एक लाख 58 हजार 859 मत मिले। कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर को 49056 मत मिले हैं।

Mathura Assembly Elections Result 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना (UP Assembly Election Results 2022) के बाद श्री कृष्ण की नगरी मथुरा पहली बार भगवा रंग में रंग गई है। मथुरा सीट मंत्री श्रीकांत शर्मा (Shrikant Sharma) के साथ सभी प्रत्याशियों ने जीतकर इतिहास रच दिया है। छाता से कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण ने जीत हासिल की है तो पहली बार मांट विधानसभा क्षेत्र में कमल खिल गया है। भाजपा प्रत्याशी राजेश चौधरी ने आठ बार के विधायक श्याम सुंदर शर्मा को कड़े मुकाबले में हरा दिया है। वहीं बलदेव सीट वर्तमान विधायक पूरन प्रकाश ने रालोद प्रत्याशी बबिता देवी को हरा दिया है। जबकि गोवर्धन विधानसभा सीट से भाजपा के मेघश्याम सिंह ने बसपा प्रत्याशी राजकुमार रावत करारी शिकस्त दी है।
उल्लेखनीय है कि धर्मनगरी मथुरा में मंदिर मुद्दा छेड़कर शुरुआत से ही भाजपा ने अपनी रणनीति साफ कर दी थी। यही वजह है कि एक बार फिर मथुरा विधानसभा सीट से योगी के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने जीत दर्ज की है। श्रीकांत शर्मा भाजपा के केंद्रीय नेताओं के साथ यूपी, हिमाचल और गुजरात चुनावों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वह पहली बार 2017 में भाजपा के टिकट पर मथुरा से चुनाव लड़े थे और एक लाख से अधिक मतों से जीतकर यूपी के ऊर्जा मंत्री बने थे। हालांकि इस बार जीत का अंतर कम हुआ है, लेकिन भाजपा ने मांट सीट जीतकर उसकी कमी पूरी कर दी है। श्रीकांत शर्मा का कहना है कि उन्हें एक बार फिर मथुरा की जनता का प्यार मिला। वह इस पर खरे उतरेंगे।
समर्थकों ने बुल्डोजर पर किया डांस
भाजपा की जीत पर मंत्री कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने विजयी प्रतीक बनाते हुए खुशी जाहिर की तो वहीं हेमा मालिनी ने वीडियो जारी करते हुए जनता का आभार व्यक्त किया। मथुरा में भाजपा के क्लीन स्वीप पर समर्थक बुलडोजर पर खड़े होकर डांस किया और जमकर आतिशबाजी भी की।
आसान नहीं थी श्रीकांत की राह
बता दें कि कांग्रेस के साथ बसपा और रालोद-सपा गठबंधन ने भी मथुरा सीट पर तगड़ी घेराबंदी की थी। वैश्य बहुल सीट पर सभी प्रमुख दलों ने श्रीकांत पर जमकर हमला बोला था। कांग्रेस और बसपा ने जहां ब्राह्मण कार्ड खेला तो सपा-रालोद ने वैश्य कार्ड आजमाया था।
प्रदीप माथुर की वापसी की आस पर फिरा पानी
ज्ञात हो कि मथुरा सीट लंबे समय तक कांग्रेस के पास रही थी। 2017 में भाजपा के श्रीकांत शर्मा ने यहां कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर को एक लाख 43 हजार 361 रिकॉर्ड वोटों से हराया था। जबकि कांग्रेस के प्रदीप माथुर सर्वाधिक तीन बार विधायक रह चुके हैं।