चुनाव

Political Kisse : यूपी का ऐसा मुख्यमंत्री जो भाजपा अध्यक्ष, केंद्रीय गृह व रक्षामंत्री भी बना

Political Kisse- राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश के इकलौते पूर्व मुख्यमंत्री हैं जिन्हें दो बार भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वह केंद्रीय गृहमंत्री भी बने। यूपी भाजपा अध्यक्ष भी रहे। वर्तमान में केंद्रीय रक्षामंत्री हैं। राजनाथ सिंह ने ही अति पिछड़ों को आरक्षण में आरक्षण देने का मुद्दा उठाया था।
2 min read
Nov 30, 2021
Political Kisse of UP Chief Minister Rajnath Singh
,

लखनऊ. Political Kisse- राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश के इकलौते पूर्व मुख्यमंत्री हैं जिन्हें दो बार भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वह केंद्रीय गृहमंत्री भी बने। यूपी भाजपा अध्यक्ष भी रहे। वर्तमान में केंद्रीय रक्षामंत्री हैं। राजनाथ सिंह ने ही अति पिछड़ों को आरक्षण में आरक्षण देने का मुद्दा उठाया था। इसके लिए उन्होंने अति पिछड़ों को तीन श्रेणियों, मजबूत जातियां, कमजोर और सबसे कमजोर में बांटने की बात कही थी। इसके लिए उन्होंने बाकायदा यूपी के तत्कालीन कैबिनेट मंत्री हुकुम सिंह की अगुआई में कमेटी गठित कर दी थी। कमेटी की सिफारिश पर रिपोर्ट को विधानसभा में पारित भी कर दिया गया था, लेकिन कोर्ट ने इस कमेटी की रिपोर्ट पर रोक लगा दी थी। पॉलिटिकल किस्से में आज बात करेंगे पूर्व सीएम राजनाथ सिंह की, जिन्होंने पॉलिटिक्स के लिए प्रोफेसर की नौकरी छोड़ दी थी। मिर्जापुर के कन्हैया लाल बसंतलाल स्नात्कोत्तर महाविद्यालय में वह फिजिक्स के टीचर थे।

चंदौली के भभौरा गांव में जन्मे राजनाथ सिंह वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। दो साल से भी कम यानी 1 वर्ष 131 दिनों तक ही वह प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 2002 विधानसभा चुनाव हुए जिसमें सपा, बसपा और भाजपा किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला और न ही ये दल आपस में समझौता करने को तैयार थे। नतीजन, दोबारा चुनाव हुए जिसमें भाजपा के समर्थन से मायावती तीसरी बार प्रदेश की मुख्यमंत्री बनीं। वर्ष 2005 में राजनाथ सिंह पहली बार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। इस पद पर वह चार वर्ष तक रहे। 2013 में वह दूसरी बार भाजपा अध्यक्ष के पद पर रहे। अब केंद्रीय रक्षा मंत्री का दायित्व निभा रहे हैं और उत्तर प्रदेश में कमल खिलाने के लिए लगातार सूबे का दौरा कर रहे हैं। करीब पांच दशक के अपने राजनीतिक करियर में राजनाथ सिंह कई बार विधायक, सांसद चुने गये। विधान परिषद और राज्यसभा भी गये।

राजनाथ सिंह का राजनीतिक करियर
- 1969 में राजनाथ सिंह विद्यार्थी परिषद के सचिव बने
- 1974 में मिर्जापुर में जनसंघ के सचिव बनाए गए
- 1977 में पहली बार मिर्जापुर से विधायक चुने गए
- 1986 में बीजेपी के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव
- 1988 में विधान परिषद पहुंचे राजनाथ सिंह
- 1991 में यूपी की कल्याण सिंह सरकार में शिक्षामंत्री बने
- 1999 में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री बनाया गया
- 20 अक्‍टूबर 2000 को मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली
- 2003 में अटल बिहारी की सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री बने
- 2005 और 2013 में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष बने
- 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में गृहमंत्री बने
- 2019 में नरेंद्र मोदी 2.0 में केंद्रीय रक्षामंत्री बनाया गया

Updated on:
30 Nov 2021 05:32 pm
Published on:
30 Nov 2021 05:31 pm