चुनाव

West Bengal Assembly Elections 2021: ऑडियो चैट लीक होने पर प्रशांत किशोर ने जताई खुशी, कहा- भाजपा पूरी क्लिप जारी करे

तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का एक ऑडियो भाजपा ने जारी किया है। इसमें प्रशांत किशोर यह स्वीकार कर रहे हैं कि राज्य में तृणमूल के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है और हवा भाजपा की ओर है।  
2 min read
• •
Updated: 10 Apr 2021, 1:41 PM IST
pk_1.jpg

नई दिल्ली।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections 2021) में चौथे चरण के मतदान के बीच भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का ऑडियो लीक किया है। इस ऑडियो चैट में प्रशांत किशोर क्लबहाउस ऐप पर कुछ पत्रकारों से चुनाव को लेकर बातचीत कर रहे हैं। इस कथित ऑडियो चैट में प्रशांत किशोर पत्रकारों से यह कह रहे हैं कि राज्य में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक समान लोकप्रिय हैं। वहीं, भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस ऑडियो को ट्वीट भी किया है।

ऑडियो में क्या कह रहे प्रशांत
तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का जो ऑडियो लीक हुआ है उसके मुताबिक, राज्य में सत्ता विरोधी लहर है। बंगाल में 50 प्रतिशत से अधिक हिंदू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से भाजपा को वोट देंगे।

भाजपा पूरा ऑडियो जारी करे
बहरहाल, सोशल मीडिया पर यह ऑडियो वायरल हो गया है, जिसके बाद प्रशांत किशोर ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ऑडियो का कुछ ही हिस्सा जारी किया है। भाजपा को पूरा ऑडियो जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा, यह खुशी की बात है कि भाजपा के लोग मेरे क्लबहाउस चैट को अपने नेताओं के संबोधन से अधिक महत्व देते हैं। यह हमारे चैट का एक छोटा सा हिस्सा है। भाजपा से अपील है वह पूरा ऑडियो का पूरा हिस्सा जारी करे।

अमित मालवीय ने कुल चार ट्वीट किए
बता दें कि भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कुल चार ट्वीट किए है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस ऑडियो क्लिप को जारी करते हुए लिखा, क्लबहाउस की एक सार्वजनिक बातचीत में ममता बनर्जी के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का मानना है कि तृणमूल कांग्रेस के आंतरिक सर्वेक्षणों में भी भाजपा जीत रही है। वोट मोदी के लिए है। धु्रवीकरण एक वास्तविकता है। बंगाल की 27 प्रतिशत आबादी मतुआ समुदाय भाजपा के लिए वोट कर रही है। भाजपा के पास जमीन पर कैडर है।

मोदी के देशभर में फॉलोअर्स
अमित ने ट्विटर पर लिखा कि प्रशांत किशोर यह मान रहे हैं कि वामदल, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने पिछले 20 साल में मुस्ल्मि तुष्टिकरण किया है। इस वजह से लोगों में आक्रोश है और हिंदुओं का धु्रवीकरण हुआ है। बोलने वाले लोगों को अहसास नहीं था कि यह चैट सार्वजनिक है। यही नहीं, अमित मालवीय ने एक और चैट की बातचीत को अपने शब्दों में लिखा है। इसके मुताबिक, मोदी बंगाल में बेहद लोकप्रिय हैं। इसमें कोई शक नहीं। देशभर में उनके फॉलोअर्स हैं। ममता बनर्जी के रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा कि तृणमूल कांग्रस के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी है और ध्रुवीकरण एक वास्तविकता है।

294 सीट पर मतदान, 2 मई को रिजल्ट
बता दें कि कोरोना संक्रमण की वजह से राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों पर इस बार 8 चरण में मतदान हो रहे हैं। पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को थी, जबकि दूसरे चरण के लिए 1 अप्रैल और तीसरे चरण के लिए 6 अप्रैल को वोट डाले गए। वहीं, अब चौथे चरण के लिए 10 अप्रैल को, पांचवे चरण के लिए 17 अप्रैल को, छठें चरण के लिए 22 अप्रैल को, सातवें चरण के लिए 26 अप्रैल को और आठवें चरण के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। नतीजे 2 मई को घोषित होंगे।

Published on: