उत्तर प्रदेश में रैली और यात्राओं से चुनावी माहौल बनाने में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने घोषणा पत्र तैयार करने के लिए नया प्लान बनाया है। घोषणा पत्र को लोक कल्याण संकल्प पत्र का नाम दिया गया है।
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में रैली और यात्राओं से चुनावी माहौल बनाने में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने घोषणा पत्र तैयार करने के लिए नया प्लान बनाया है। घोषणा पत्र को लोक कल्याण संकल्प पत्र का नाम दिया गया है। यह तय हुआ है कि प्रदेश स्तर पर बनी घोषणा पत्र समिति के सदस्य अलग-अलग जिलों में जाकर समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद करेंगे और उनके सुझाव लेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा अपना घोषणा पत्र जनता के सुझावों पर तैयार करेगी। इसके लिए सभी सदस्यों के प्रवास कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं।
15 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'यूपी नंबर 1 : सुझाव आपका, संकल्प हमारा' थीम पर प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से की थी। जनता के सुझाव के लिए 30 हजार स्थानों पर आकांक्षा पेटियां लगाई गईं। ई-मेल के जरिये भी पार्टी सुझाव ले रही है।
इस प्रकार होगा संवाद
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे ने कहा कि संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में गठित घोषमा पत्र समिति के सदस्य सोमवार से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक, व्यावसायिक, औद्यौगिक, श्रमिक आदि वर्गों के बीच उनकी आकांक्षाएं जानने के लिए जाएंगे। पहले दिन सांसद सीमा द्विवेदी प्रयागराज में श्रमिक, शिक्षाविद और अधिवक्ता वर्ग से संवाद करेंगी। वहीं आगरा में राज्य मंत्री अतुल गर्ग श्रमिक, पर्यटन, फुटवियर के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों से सुझाव लेंगे।
वाराणसी में एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा करेंगे संवाद
उधर, समिति के सदस्य डॉ. पुष्कर मिश्र गौतमबुद्धनगर में व्यवसायी, फिल्म उद्योग, कारोबारी और प्रोफेशनल लोगों के बीच होंगे। सांसद बृजलाल बुधवार को कानपुर में शिक्षक, कपड़ा, कारोबारी, फिटवियर उद्यमी के व्यक्तियों से संवाद करेंगे। वाराणसी में एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा साड़ी कारोबारियों, पर्यटन, कला और संस्कृति से जुड़े लोगों से संवाद करेंगे। गोरखपुर में सांसद रीता बहुगुणा जोशी भोजपुरी कलाकारों, लेखक और साहित्यकारों से संवाद के मंच पर होंगी।