
प्रत्याशियों के चुनावी खर्च की लिस्ट में पूड़ी-सब्जी और चाय-समोसा के साथ ही रोटी, दाल, चावल, सब्जी से सजे भोजन थाल को भी शामिल किया जा रहा है। नेताजी के साथ दिन-रात जुटने वाले कार्यकर्ताओं के साथ खानपान में परिवर्तन किया जा रहा है। दरअसल, चुनावी दफ्तरों में कार्यकर्ताओं के लिए भोजन थाल का इंतजाम किया जाता है, जिसमें दाल, रोटी, सब्जी, चावल रहता है। लेकिन अभी तक थाल का खर्च चुनावी खर्च में शामिल नहीं किया गया था। इसे देखते हुए चुनावी खर्च का लेखाजोखा करने वाली टीम ने पहली बार राजधानी की सीटों पर भोजन थाल को चुनावी खर्च में शामिल किया है।
सभी का रेट फिक्स
एक मिठाई के साथ चार पूड़ी-सब्जी की दर 37 रुपये तय की गई है। यह 2017 के चुनाव से पांच रुपये अधिक है। वहीं, चाय-समोसा के लिए छह-छह रुपये प्रति पीस रखी गई है।
एक भोजन थाल का दाम 225 रुपये
चुनावी खर्च का रेट जारी होने के बाद राजनीतिक दलों की ओर से खाने में रोटी, दाल, चावल के भोजन थाल के लिए अनुरोध किया गया है। विधानसभा चुनाव के लिए भोजन थाल की दर व वस्तुओं का निर्धारण किया गया है। सहायक नोडल व्यय अनुरीक्षण न सीटीओ मनोज तिवारी कहते हैं कि एक भोजन थाल की कीमत 225 रुपये तय की गई है। इसमें चार तवा रोटी, एक दाल, एक सूखी सब्जी, पनीर की सब्जी, रायता, चावल, सलाद और एक मिठाई को रखा गया है।