
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के तीसरे चरण के लिए 16 ज़िलों में वोटिंग हो रही है। 59 विधानसभा सीटों के लिए 627 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। सभी बड़े नेता मतदाताओं को वोटिंग के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस मौके पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने ट्वीट के जरिए कहाकि, यूपी के 16 ज़िलों की 59 विधानसभा सीटों पर तीसरे चरण के मतदान में सभी बढ़-चढ़कर अपना वोट जरूर डालें तथा अपने वोट से अपना उद्धार खुद करें। साथ ही विरोधी दलों के हर प्रकार के छद्म और अनवरत् छलावे से मुक्ति के लिए यूपी में सत्ता का सुखद परिवर्तन भी जरूरी है।
बीएसपी पर ही पूर्ण भरोसा का सही विकल्प
भाजपा पर निशाना और मतदाताओं को वोटिंग के लिए जागरूक करते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को अपने ट्विट में लिखा कि, यूपी के ख़ासकर ग़रीबों को और ग़रीब बनाने वाली इनकी ग़लत नीतियों पर अब और ज़्यादा भरोसा करने के बजाय वादा निभाने वाली बीएसपी पर ही पूर्ण भरोसा का सही विकल्प।
रोज़गार उपलब्ध नहीं करा पाना भाजपा की बड़ी विफलता
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहाकि, अपने आत्म-सम्मान के साथ शान्ति से जीने के लिए मामूली रोजी-रोज़गार भी नहीं उपलब्ध करा पाना भाजपा सरकार की सबसे बड़ी विफलता, बल्कि जो रोज़गार थे वे भी अधिकांश छिन गए हैं। सबसे पहले रोजी-रोटी की ज़िम्मेदारी, यही वक्त की सबसे बड़ी मांग है।