उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव तीसरे चरण की वोटिंग आज 20 फरवरी सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। चुनाव 2022 के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर मुकाबला है। 2.16 करोड़ मतदाता 627 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इसमें 97 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों में मतदान होना है। तीसरे चरण में 13 विधानसभा सीटें ऐसी हैं जिन्हें संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इनमें कन्नौज, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, मैनपुरी, भोगांव, किशनी, करहल, अलीगंज, सादाबाद, आर्यनगर, सीसामऊ, किदवईनगर और कानपुर कैंट की सीट शामिल है। तीसरे चरण में प्रदेश की कई दिग्गज राजनीतिक हस्तियों का भाग्य EVM में बंद हो जाएगा। चुनाव को देखते हुए मतदान केंद्र और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।