
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों के लिए शुक्रवार शाम छह बजे प्रचार थम गया। इस चरण के लिए वोटिंग 20 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। 627 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 2.16 करोड़ मतदाता करेंगे। इस चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरय्या, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा में वोटिंग होगी। जहां सपा के लिए अपने गढ़ को दोबारा पाने वहीं भाजपा के लिए अपना पिछला रिकार्ड दोहराने की चुनौती है। कांग्रेस-बसपा को अपनी जमीन तलाशना है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि तीसरे चरण का चुनाव प्रचार शुक्रवार शाम थम जाएगा। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की सुविधा और कोविड से सुरक्षा की विशेष व्यवस्था कराई गई है। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर समुचित एवं आवश्यक व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हॉट सीटें
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव करहल से चुनाव लड़ रहे हैं, उनके मुकाबले में भाजपा के एसपी सिंह बघेल हैं। सतीश महाना कानपुर की महराजपुर, राम नरेश अग्निहोत्री मैनपुरी के भोगांव, नीलिमा कटियार कल्याणपुर, शिवपाल सिंह यादव जसवंतनगर, सिरसागंज सीट पर मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं। कानपुर की किदवईनगर सीट से कांग्रेस के अजय कपूर, सीसामऊ सीट पर सपा के हाजी इरफान सोलंकी, फर्रुखाबाद सीट से लुईस खुर्शीद कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं। बसपा छोड़कर भाजपा में आए रामवीर उपाध्याय सादाबाद से फिर मैदान में हैं।
इन जिलों में होंगे चुनाव
यूपी चुनाव के तीसरे चरण में पश्चिमी यूपी के पांच जिले-फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, हाथरस और अवध क्षेत्र के छह जिलों-कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज, इटावा और फरुर्खाबाद में भी चुनाव होना है। बुंदेलखंड क्षेत्र के पांच जिलों-झांसी, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा में भी मतदान होगा।
चुनाव 2017 में भाजपा को 59 में से 49 सीटें मिलीं
यादव बेल्ट के रूप में जाना जाने वाला यह क्षेत्र कभी समाजवादी पार्टी का गढ़ था, लेकिन 2017 में अधिकांश यादव वोट भाजपा के पास चले गए थे। भाजपा ने 59 में से 49 सीटें जीतीं जबकि सपा को केवल 9 सीटों से संतोष करना पड़ा था। तब कांग्रेस को एक मिली थी, जबकि बसपा को यहां से एक भी सीट नहीं मिली थी।
सबसे अमीर प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव
उत्तर प्रदेश इलेक्शन वॉच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स अपनी रिपोर्ट के जरिए तीसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 623 उम्मीदवारों के बारे में बताया कि इस चरण में 22 उम्मीदवारों के ऊपर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सबसे अधिक 52 फीसद दागी समाजवादी पार्टी, भाजपा के 46 फीसद, बसपा के 39 फीसद, कांग्रेस 36 फीसद और आम आदमी पार्टी के 22 फीसद प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले हैं। इस चरण 245 उम्मीदवार करोड़पति हैं। यशपाल सिंह यादव सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। इसके बाद कानपुर की किदवई नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजय कपूर का नाम है।