चुनाव

UP Elections 2022: इस सीट पर शिवपाल बनाम विवेक होगा मुकाबला, ‘नेताजी’ भी पहली बार यहीं से लड़े थे चुनाव

UP Elections 2022: जसवंतनगर सीट प्रदेश की हाई प्रोफाइल और चर्चित सीटों में शुमार है। इस सीट को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है।

2 min read
Feb 02, 2022

UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश में चुनावी घमासान चरम पर है। सभी राजनैतिक दल पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में हैं। प्रदेश के इटावा जिले की जसवंत नगर सीट इस बार फिर सुर्खियों में है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के भाई प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के शिवपाल सिंह यादव फिर इस सीट से चुनावी मैदान में हैं। तमाम नारजगी के बाद आखिर में शिवपाल और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समझौता कर इस चुनाव में साथ आए हैं। यह सीट इटावा जिले की सैफई तहसील और ताखा तहसील समेत कई थानों को मिलाकर बनी है। जसवंत नगर कस्बा आगरा-कानपुर हाईवे के पास बसा है। इसी विधानसभा क्षेत्र में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भी है, जहां आसपास के जिलों के लोग इलाज कराने पहुंचते हैं। जसवंत नगर की रामलीला को यूनेस्को ने विश्व धरोहर का दर्जा दिया है।

ये है इस सीट का सियासी इतिहास

इस सीट के सियासी इतिहास पर नजर डालें तो शिवपाल सिंह यादव 1996 से लेकर 2017 तक जसवंत नगर सीट से चुनाव जीते हैं। 1993, 1991, 1989 में शिवपाल सिंह यादव के बड़े भाई और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव इस से विधायक चुने गए थे। इसके साथ ही 1985 में भी मुलायम इस सीट से विधायक चुने गए थे। तो वहीं 1980 में हुए विधानसभा चुनाव में बलराम सिंह यादव इस सीट से विधायक बने थे। 1977 में जेपीएन के टिकट पर चुनाव लड़कर मुलायम सिंह यादव इस सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।

जसवंतनगर विधानसभा चुनाव 2017 परिणाम

- शिवपाल सिंह यादव - सपा- 126834

- मनीष यादव पात्रे - भाजपा - 74218

- दुर्वेश कुमार शाक्य - बसपा - 24509

जसवंतनगर में भाजपा देती रही है टक्कर

जसवंतनगर विधानसभा सीट को राजनीतिक दृष्टिकोण से समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। पिछले चुनावों के इतिहास पर नजर डाले तो यहां बीजेपी टक्कर देती रही हैं, हालांकि एक बार भी जीत नहीं दर्ज कर पाई। कांग्रेस कोई प्रत्याशी नहीं उतार रही है। तो वहीं मायावती ने बसपा से बीपी सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है।

कितने हैं मतदाता और क्या है जातीय समीकरण

इटावा जिले की जसवंत नगर विधानसभा सीट पर मतदाताओं की कुल संख्या- 3,90,297 है। जिसमें पुरुष मतदाताओं- 2,950,38 तो वहीं महिला मतदाताओं की संख्या- 1,807,41 है। साथ ही अन्य मतदाताओं की संख्या- 18 है। तो वहीं जातिगत आंकड़ों (अनुमानित) की बात करें तो यादव मतदाताओं की संख्या 1.40 लाख है, अनुसूचित जातियां- 77 हजार, शाक्य कुशवाहा- 45 हजार तो वहीं ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या 18 हजार है।

Updated on:
03 Feb 2022 06:57 pm
Published on:
02 Feb 2022 03:05 pm
Also Read
View All