
वैसे तो राजधानी लखनऊ की सभी 9 सीटों इस चुनाव में सुर्खियों में है। पर हॉट सीट सरोजनी नगर विधानसभा सीट पर इस वक्त सभी की नजर है। वर्तमान में योगी सरकार में महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार मंत्री स्वाति सिंह सरोजनी नगर विधानसभा सीट से विधायक है। समाजवादी पार्टी ने लखनऊ की 2 सीटों मोहनलालगंज व मलिहाबाद से अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। बहुजन समाज पार्टी ने सभी नौ सीटों पर और कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। इस वक्त सरोजनी नगर विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गरम है। भाजपा भी बेहद असमंजस में है। उपर इस सीट के लिए पति-मंत्री पत्नी दोनों ही टिकट की मांग कर रहे हैं। इसमें दिलचस्प बात है कि भाजपा की मौजूदा विधायक स्वाती सिंह और उनके पति दयाशंकर सिंह दोनों आमने-सामने आ गए हैं।
भाजपा-सपा दोनों नहीं खोल रहे अपने पत्ते
भाजपा लखनऊ के विधानसभा के टिकट नहीं घोषित कर रही है इसे लेकर दावेदारों में उलझन है। उधर जनता में भी जिज्ञास है कि, आखिर क्यों भाजपा अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं कर रही है। कांग्रेस, बसपा, आप ने तो अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। पर भाजपा के साथ सपा भी अपने पत्ते खोलने के लिए एक दूसरे का इंतजार कर रहे हैं। सरोजनीनगर विधान सभा में कांग्रेस ने रुद्र दमन सिंह, बसपा ने जलीस खान व आप ने रोहित श्रीवास्तव को प्रत्याशी बनाया है। सरोजनीनगर विधान सभा सीट के लिए भाजपा से एक उम्मीदवार कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या हैं।
सरोजनीनगर हॉट विधानसभा सीट
सरोजनीनगर विधानसभा की विधायक स्वाति सिंह हैं। इस वक्त यह प्रदेश सरकार में महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार मंत्री भी हैं। चुनाव 2017 स्वाति सिंह पहली बार विधानसभा पहुंची और मंत्री भी बनीं। स्वाति सिंह ने सपा के अनुराग यादव को 34179 वोट से हराया था। चुनाव 2012 में इस सीट पर सपा के शारदा प्रताप शुक्ल का कब्जा था। बसपा के शिवशंकर सिंह 8365 वोट से चुनाव हार गए थे।
सरोजनीनगर विधानसभा सीट का लेखा जोखा
1967 विजय कुमार विधायक (कांग्रेस)
1969 चन्द्रभानु गुप्ता (कांग्रेस)
1974 विजय कुमार विधायक (कांग्रेस)
1977 छेदा सिंह चौहान (जनता पार्टी)
1980 विजय कुमार विधायक (कांग्रेस)
1985 शारदा प्रताप शुक्ल (निर्दलीय)
1989 शारदा प्रताप शुक्ल (जनता दल)
1991 विजय कुमार विधायक (कांग्रेस)
1993 श्याम किशोर यादव (सपा)
1996 श्याम किशोर यादव (सपा)
2002 मोहम्मद इरशाद (बसपा)
2007 मोहम्मद इरशाद (बसपा)
2012 शारदा प्रताप शुक्ल (सपा)
2017 स्वाति सिंह (भाजपा)।