चुनाव

UP Assembly Election 2022 : भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा बोले- कोई सपा में हो और गुंडा न हो, ये नहीं हो सकता

UP Assembly Election 2022 : भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने नोएडा में कहा कि हालत ये हैं कि जो पिछले पांच साल से जो पार्टियां क्वॉरेंटाइन और आइसोलेशन में थी। चुनाव के समय वे पार्टियां अब बाहर आ गई हैं। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर परिवारवाद तो मायावती पर खुद की जेब भरने जैसे गंभीर आरोप लगाए।

2 min read
Feb 06, 2022

UP Assembly Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तहत नोएडा पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) का सेक्टर-12 में कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। इसके बाद जेपी नड्डा ने सेक्टर-12 के कई ब्लॉकों में भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह के साथ डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार किया। इसके अलावा उन्होंने प्रभावी मतदाताओं के साथ एक बैठक भी की। इसके लिये सेक्टर-12 भाऊराव देवरस स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर जेपी नड्‌डा ने अखिलेश यादव (Akhilesh Yadv) और मायावती (Mayawati) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोई सपा में हो और गुंडा न हो, यह हो ही नहीं सकता। यह उनका मूल स्वभाव है। उनकी कार्यशैली और व्यवहार भी यही दर्शाता है।

प्रभावी मतदाताओं के साथ बैठक में जेपी नड्‌डा ने कहा कि मैं आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। हालत ये हैं कि जो पिछले पांच साल से जो पार्टियां क्वॉरेंटाइन और आइसोलेशन में थी। चुनाव के समय वे पार्टियां अब बाहर आ गई हैं। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर परिवारवाद तो मायावती पर खुद की जेब भरने जैसे गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंनेे प्रभावी मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह को जिताने की अपील की।

नोएडा नहीं आने को लेकर अखिलेश पर भी साधा निशाना

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पहले नोएडा में दूत भेजते थे। कभी खुद नहीं आए। सपा से पूछेंगे तो कहेंगे कि मैंने यह किया। उनके घर से ही 50 एमएलए निकलेंगे। वे सिर्फ अपना विकास करेंगे, जनता का विकास नहीं करेंगे। वहीं जेपी नड्डा ने बीएसपी सुप्रीमो मायावती को निशाने पर लेते हुए कहा कि बहन जी ने जो किया अपना ही किया। इसलिए मतदाता कसौटी पर परखें। ये जाति की बात करते हैं। हमारी पार्टी सबका साथ और सबका विकास के नारे पर काम कर रही है।

'चांदी की चम्मच से भोजन करने वाले गरीबी क्या जानें'

उन्होंने कहा कि यूरोप के सभी देशों में हेल्थ कार्ड इश्यू होता है। अब देश में आयुष्मान योजना के तहत आधी आबादी को 5-5 लाख का हेल्थ कवर दिया गया है। वहीं, 5 करोड़ लोगों को यूपी में हेल्थ कवर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो चांदी की चम्मच से भोजन करते हैं, वो गरीबी क्या जानें? कार्यक्रम में कई सेक्टरों के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष और व्यापार मंडल व अन्य सामाजिक संगठन के लोग मौजूद रहे, जिनसे उन्होंने बातचीत की। लोगों ने भी बेबाकी से जेपी नड्डा के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। हालांकि जेपी नड्डा के आने से शहर की मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति रही। पीक ऑवर में कार्यक्रम होने की वजह से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

Published on:
06 Feb 2022 12:23 pm
Also Read
View All