UP Assembly Elections 2022: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हमारे सैनिकों के रहते हुए दुनिया की कोई भी ताकत भारत के मान, सम्मान और स्वाभिमान को चोट नहीं पहुंचा सकती।
UP Assembly Elections 2022: फरह स्थित दीनदयाल धाम में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने सबसे पहले लोगों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी। उसके बाद उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जनता को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय जी के दर्शन के आधार पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार काम कर रही है। उन्होंने अंत्योदय की बात कही थी, आज समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के पास योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।
रक्षामंत्री बोले कि भाजपा सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है। अब देश को गंभीरता से सुना जाता है। उन्होंने कहा कि सेना के जवानों ने पाकिस्तान के घर में जाकर कार्रवाई की। इससे सारी दुनिया में संदेश गया कि भारत कमजोर नहीं है। किसी की हिम्मत नहीं है उसकी तरफ आंख उठाकर देखने की। भारत इस पार भी मार सकता है, तो उस पर जाकर भी मार सकता है यह भारत की ताकत है।
गलवान घाटी में हुए चीनी संघर्ष की बात करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाया जबकि हकीकत यह है कि वहां चीन के 38 से लेकर 50 जवान मारे गए, जोकि अंतरराष्ट्रीय मीडिया कहता है।
रक्षा मंत्री ने जनता से बात करते हुए उनके हालचाल पूछे और कहा उत्तर प्रदेश में गुंडे बदमाश जेल में हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा माफियाओं की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाए जाने का भी जिक्र किया और कहा कि कानून-व्यवस्था को सुधारे बिना किसी भी प्रदेश का विकास नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जब होगा कानून का शासन विकास करेगा योगासन। उत्तर प्रदेश में विकास 83 योगासन कर रहा है। शीर्षासन उन्होंने विपक्ष के लिए छोड़ दिया है।
रक्षा मंत्री ने सपा पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि बेहतर समाज बनाने के लिए की जाती है। इस दौरान रक्षामंत्री ने 370, नागरिकता कानून में संशोधन, पीएम किसान निधि जैसी अन्य उपलब्धियों की भी जनता को याद दिलाई।
राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम लेते हुए कहा पहले प्रधानमंत्री इस कदर लाचार थे कि ऊपर से एक रुपया भेजा जाता था तो नीचे 15 पैसे पहुंचते थे, लेकिन अबकी सरकार 100 रुपए भेजती है तो जनता तक ₹100 ही पहुंचते हैं। विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोलते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनता से भाजपा प्रत्याशी के लिए समर्थन किया। जनसभा को सम्बोधित कर बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।