चुनाव

West Bengal Assembly Elections 2021: ममता बनर्जी के तुष्टिकरण का जवाब देंगे: शुभेंदु अधिकारी

पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को है। सभी दल अपनी पूरी ताकत से प्रचार अभियान में जुटे हैं। वहीं, राज्य की नंदीग्राम सीट सबसे हाइप्रोफाइल मानी जा रही है।

2 min read
Mar 24, 2021

देवेंद्र गोस्वामी /कंटाई (पूर्वी मेदिनीपुर) .

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections 2021) के पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को है। सभी दल अपनी पूरी ताकत से प्रचार अभियान में जुटे हैं। वहीं, राज्य की नंदीग्राम सीट सबसे हाइप्रोफाइल मानी जा रही है। यहां से भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर आए कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी को टिकट दिया है। शुभेंदु अधिकारी ने करीब चार महीने पहले ही भाजपा का दामन थामा है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस से खुद ममता बनर्जी उनके खिलाफ मैदान में खड़ी हैं।

यही नहीं, इस विधानसभा चुनाव में राज्य ही नहीं बल्कि, देशभर की नजर नंदीग्राम सीट पर है। भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी को विश्वास है कि तृणमूल कांग्रेस की ओर से विधायक रहते उन्होंने जो विकास कार्य किया, उसका फायदा उन्हें इस चुनाव में मिलेगा। वे ममता बनर्जी को उन्हीं के तरीके से जवाब देना चाहते हैं। नंदीग्राम के संग्राम पर भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से विशेष बातचीत:

सवाल: नंदीग्राम में टक्कर कितना मुश्किल मानते हैं? आपकी प्रतिष्ठा यहां दांव पर लगी है?

शुभेंदु अधिकारी: टक्कर के बारे में मैं नहीं, वहां की जनता बताएगी। मैं तो वहां का एक वोटर हूं। मेरा वोट है वहां, कमल छाप पर वोट डालूंगा। ममता बनर्जी को नंदीग्राम की जनता जवाब देगी।

सवाल: आप किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं?

शुभेंदु अधिकारी: नंदीग्राम में हमने जो विकास किया है, उसको लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। वहां विकास कार्य को वोट मिलेगा।

सवाल: तृणमूल में रहते जो विकास कार्य करवाए हैं, उसका फायदा अब भाजपा में आने के बाद मिलेगा?

शुभेंदु अधिकारी: नंदीग्राम की जनता जानती है कि वहां किस तरह के बदलाव आए हैं। वहां क्या काम हुआ है और किसने किया है।

सवाल: आप 67 प्रतिशत जनता को अपने साथ बता रहे हैं, ये कौन वोटर हैं?

शुभेंदु अधिकारी: यह आप जनता से पूछ लीजिए, सर्वे कर लीजिए... सब सामने आ जाएगा। ममता बनर्जी पूरे बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं। नंदीग्राम में तुष्टिकरण की नीति का जवाब दिया जाएगा। जनता उसी के भाषा में जवाब देगी।

सवाल: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अगर हराते हैं तो क्या आप भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे?

शुभेंदु अधिकारी: यह पार्टी तय करेगी कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। हमारे यहां पार्टी ही सब कुछ तय करती है। हम सब मिलकर ममता बनर्जी के तुष्टिकरण का जवाब देंगे।

Published on:
24 Mar 2021 10:32 am
Also Read
View All