
Bengali Actor Rahul Banerjee Dies By Drowning: मनोरंजनजगत से एक ऐसी दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है जिसने पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लोगों को गहरे शोक में डुबो दिया है। फेमस बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का रविवार (29 मार्च) की एक हादसे में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि एक सीरियल की शूटिंग के दौरान दीघा में उनकी जान चली गई। इस खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में मातम पसर गया है। वहीं, उनकी पत्नी का भावुक पोस्ट वायरल हो रहा है। जिसे पढ़कर हर किसी की आंखों में पानी आ गया।
जानकारी के मुताबिक, राहुल अपनी आगामी टेलीविजन सीरीज 'भोले बाबा पार करेगा' की शूटिंग के लिए तालसारी पहुंचे थे। रविवार सुबह से ही यूनिट काम में व्यस्त थी। क्रू मेंबर्स ने बताया कि दोपहर के समय जब शूटिंग खत्म हुई, तो राहुल अकेले ही समुद्र की लहरों के बीच चले गए। कुछ ही देर में वह गहरे पानी में लापता हो गए, जिससे मौके पर मौजूद प्रोडक्शन टीम में हड़कंप मच गया।
सह-अभिनेता दिगंत बागची ने इस भयावह मंजर को याद करते हुए बताया, "शूटिंग के बाद वह पानी में गए थे, लेकिन अचानक वह नीचे किसी चीज में फंस गए। जब लोगों ने उन्हें डूबते देखा तो शोर मचाया। क्रू मेंबर्स ने तुरंत पानी में कूदकर उन्हें बाहर निकाला और 10-12 किलोमीटर दूर दीघा सब-डिविजनल अस्पताल ले गए, लेकिन शाम करीब 6:10 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।"
राहुल के पीछे उनकी पत्नी, मशहूर अभिनेत्री प्रियंका सरकार और उनका बेटा रह गए हैं। इस हादसे के बाद प्रियंका ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा, "यह हमारे लिए गहरे दुख और निराशा का समय है। एक बच्चा, एक मां और पूरा परिवार इस नुकसान से टूटने से बुरी तरह टूट गया है। हम मीडिया और दोस्तों से विनम्रतापूर्वक आग्रह करते हैं कि कृपया हमारी निजता (Privacy) का सम्मान करें।
राहुल के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, "मैं इस खबर से स्तब्ध हूं। राहुल एक युवा, प्रतिभाशाली और बेहद लोकप्रिय अभिनेता थे। वह मेरे पसंदीदा कलाकारों में से एक थे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।"
राहुल अरुणोदय बनर्जी ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए थे। उनकी सादगी और अभिनय क्षमता ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई थी। आज समंदर की उन लहरों ने बंगाल के एक अनमोल हीरे को हमेशा के लिए छीन लिया है।