
Bollywood Retro Look: सोशल मीडिया पर इन दिनों 80 के दशक का बॉलीवुड वाला दौर AI की मदद से फिर लौटता नजर आ रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार पुराने जमाने के फिल्मी सितारों की जगह देश के नेता रेट्रो अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर मुख्यमंत्री और सांसदों तक, कई नेताओं ने AI से अपनी ऐसी तस्वीरें बनवाकर शेयर की हैं, जिनमें उनका लुक किसी 80s की फिल्म के हीरो जैसा नजर आ रहा है।
AI के इस ट्रेंड में नेताओं की मौजूदा तस्वीरों को 1980 के दशक के फैशन, हेयरस्टाइल, सनग्लासेस, विंटेज कारों और उस दौर की फोटोग्राफी के इफेक्ट्स के साथ बदला जा रहा है। नतीजा ऐसा है कि सोशल मीडिया पर नेताओं के ये रेट्रो अवतार तेजी से ध्यान खींच रहे हैं।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस ट्रेंड में शामिल होने वाले शुरुआती नेताओं में नजर आए। उन्होंने AI से बनी अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "80 के दशक के ट्रेंड को अपनाते हुए।"
तस्वीर में पीयूष गोयल ग्रे सूट, सफेद शर्ट और एविएटर सनग्लासेस में दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में सीपिया टोन, फिल्म ग्रेन और पुरानी फोटोग्राफी जैसा फिनिश दिया गया है, जिससे उनका पूरा लुक 80s के किसी पुराने स्टूडियो पोर्ट्रेट जैसा नजर आता है।
संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने भी X पर अपना AI-जनरेटेड रेट्रो लुक शेयर किया। तस्वीर में वह सनग्लासेस और शर्ट के ऊपर ब्लेजर पहने दिखाई दे रहे हैं। उनके पीछे एक विंटेज स्टाइल कार भी नजर आती है, जिसने तस्वीर को और ज्यादा फिल्मी बना दिया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी इस ट्रेंड को अपनाते हुए अपनी नॉस्टैल्जिक तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा, "किसी भी ऐसे ट्रेंड पर जाना जिससे नॉस्टैल्जिया जुड़ा हो। 80 के दशक में वापस!" तो वहीं, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी AI के जरिए अपने 80s वाले अंदाज में नजर आए। उन्होंने रेट्रो-इंस्पायर्ड स्वेटर में अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "80 के दशक ने बुलाया, मैंने जवाब दिया।"
AI का यह रेट्रो ट्रेंड सिर्फ केंद्रीय मंत्रियों तक सीमित नहीं रहा। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने भी इंस्टाग्राम पर AI से तैयार अपनी 80s स्टाइल तस्वीर शेयर की। उन्होंने इसके साथ लिखा, "80 के दशक के ट्रेंड में शामिल होना।"
बीजेपी सांसद चिराग पासवान भी इस ट्रेंड में शामिल हुए। सोशल मीडिया पर नेताओं के इन रेट्रो अवतारों में 80s के दौर से जुड़े कपड़ों, हेयरस्टाइल और पुराने जमाने के विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया है।
कांग्रेस सेवादल विंग ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का AI से तैयार रेट्रो पोर्ट्रेट शेयर किया। इस तरह अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेता एक ही सोशल मीडिया ट्रेंड का हिस्सा बनते नजर आए। हालांकि, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस ट्रेंड के लिए AI का सहारा नहीं लिया। उन्होंने X पर लिखा कि AI की वजह से लगता है कि 80 का दशक वापस आ गया है और उन्होंने इस ट्रेंड में "पुराने तरीके" से शामिल होने का फैसला किया।
इसके बाद थरूर ने AI से बनाई गई कोई तस्वीर शेयर करने के बजाय 1980 के दशक की अपनी असली तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में वह अपने बेटों ईशान और कनिष्क के साथ नजर आ रहे हैं। इस तरह उन्होंने AI के बनाए रेट्रो लुक के बजाय उस दौर की असली तस्वीरों के जरिए ट्रेंड में हिस्सा लिया।
इस ट्रेंड में आमतौर पर यूजर अपनी मौजूदा तस्वीर को AI इमेज जनरेटर में अपलोड करता है। इसके बाद टेक्स्ट प्रॉम्प्ट के जरिए तस्वीर को 1980 के दशक के विजुअल स्टाइल में बदलने के लिए कहा जाता है।
AI चेहरे की पहचान और मुख्य फीचर्स को बनाए रखते हुए कपड़े, बाल, एक्सेसरीज, पोज, बैकग्राउंड और लाइटिंग बदल सकता है। तस्वीर को ज्यादा पुराना दिखाने के लिए विंटेज कार, स्टूडियो बैकग्राउंड, गर्म रोशनी, म्यूटेड टोन और फिल्म ग्रेन जैसे इफेक्ट्स जोड़े जाते हैं। बता दें, भारतीय 80s वाले लुक में बड़ी हेयरस्टाइल, चौड़े कॉलर वाली शर्ट, हाई-वेस्टेड ट्राउजर, बड़े सनग्लासेस, मूंछें, रंग-बिरंगी साड़ियां और स्टेटमेंट ज्वेलरी जैसे एलिमेंट्स भी इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
इस AI ट्रेंड ने नेताओं को सोशल मीडिया पर अपनी पॉलिटिकल इमेज से अलग एक हल्के-फुल्के और फिल्मी अंदाज में सामने आने का मौका दिया है। जहां कुछ नेता AI से बनाई गई पुरानी यादों वाली तस्वीरें शेयर कर रहे हैं, वहीं शशि थरूर ने इसी ट्रेंड के बीच 80s की असली तस्वीरों को चुनकर अलग अंदाज दिखाया।