
Alka Yagnik Hearing Loss Health Update: हाल ही में पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित हुईं मशहूर गायिका अलका याग्निक एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई नया गाना नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो है, जिसमें वो व्हीलचेयर की मदद से समारोह स्थल से बाहर निकलती दिखाई दीं।
वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों ने उनकी सेहत और फिर से गाने की क्षमता को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई लोगों ने तो यहां तक कमेंट किया कि अब आप फिर से गाना नहीं सकती हैं क्यां? अब इन प्रतिक्रियाओं पर दिग्गज लोकगायिका और अभिनेत्री इला अरुण ने खुलकर अलका याग्निक का समर्थन किया है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में अलका याग्निक को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। समारोह के बाद जब उनका व्हीलचेयर पर बैठा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कई लोगों ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई। वहीं कुछ यूजर्स ने यह तक कह दिया कि अब शायद वह पहले की तरह गा नहीं पाएंगी।
इन प्रतिक्रियाओं के बीच अलका याग्निक ने खुद सोशल मीडिया के जरिए स्पष्ट किया कि वह फिलहाल रिकवर कर रही हैं। उन्होंने बताया कि लंबे कार्यक्रम और लगातार थकान के कारण उन्हें व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ा था। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और वह धीरे-धीरे सामान्य जीवन की ओर लौट रही हैं।
अलका याग्निक को लेकर हो रही चर्चाओं पर इला अरुण ने सोशल मीडिया पर एक भावुक मैसेज शेयर किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार से यह कहना कि अब वह अपनी कला नहीं दिखा सकता, बेहद दुखद होता है। उनके अनुसार कला केवल आवाज, हाथ या मंच तक सीमित नहीं होती, बल्कि कलाकार की आत्मा में बसती है।
इला अरुण ने लोगों से अपील की कि वो अलका याग्निक के दशकों लंबे योगदान को याद रखें। उन्होंने विश्वास जताया कि मेहनत, हौसले और पॉजिटिव सोच के दम पर वापसी संभव है। उन्होंने ये उम्मीद भी जताई कि भविष्य में एक बार फिर दोनों साथ मिलकर गाने रिकॉर्ड करेंगी।
अलका याग्निक और इला अरुण ने बॉलीवुड को कई यादगार गाने दिए हैं। दोनों की जोड़ी ने 90 के दशक में कई फिल्मों में अपनी आवाज का जादू बिखेरा। 'खलनायक' का सुपरहिट गीत 'चोली के पीछे क्या है' आज भी संगीत प्रेमियों की पसंदीदा सूची में शामिल है। इसके अलावा दोनों ने 'करण अर्जुन', 'अमानत', 'नाजायज' और 'बंदिश' जैसी फिल्मों में भी साथ काम किया।
कुछ समय पहले अलका याग्निक ने खुलासा किया था कि वो सेंसरिन्यूरल हियरिंग लॉस जैसी समस्या से जूझ रही हैं। उन्होंने बताया था कि इलाज जारी है और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार वह धीरे-धीरे रिकवरी कर रही हैं। इस वजह से उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों और कामकाज में भी कुछ समय के लिए कमी की थी।
इला अरुण के समर्थन के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने भी अलका याग्निक के लिए शुभकामनाएं भेजीं। लोगों ने उनके हजारों यादगार गीतों को याद करते हुए लिखा कि उनकी आवाज करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का हिस्सा रही है। फैंस को उम्मीद है कि अलका जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर फिर से अपने सुरों का जादू बिखेरेंगी।